न्यायालय सुरक्षा को लेकर सख्त दिखे एडीजी डीके ठाकुर, आगरा कोर्ट में किया गहन निरीक्षण

आगरा। उत्तर प्रदेश विशेष सुरक्षा बल के अपर पुलिस महानिदेशक डी.के. ठाकुर ने बुधवार को आगरा सिविल कोर्ट परिसर का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उपभोक्ता संरक्षण न्यायालय के जज द्वारा पुष्प गुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया गया।

Jun 4, 2025 - 18:37
 0
न्यायालय सुरक्षा को लेकर सख्त दिखे एडीजी डीके ठाकुर, आगरा कोर्ट में किया गहन निरीक्षण
आगरा सिविल कोर्ट न्यायालय परिसर का बुधवार को जायजा लेते उत्तर प्रदेश विशेष सुरक्षा बल के अपर पुलिस महानिदेशक डीके ठाकुर। दूसरे चित्र में श्री ठाकुर का स्वागत करते उपभोक्ता न्यायालय के जज।  

निरीक्षण के दौरान एडीजी ठाकुर ने परिसर में स्थापित सीसीटीवी कैमरों के संचालन की समीक्षा की और सुरक्षा मानकों की स्थिति को परखा। उन्होंने प्रभारी अधिकारी को सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने के निर्देश दिए।

इसके पश्चात श्री ठाकुर ने परिवार न्यायालय, हेरिटेज कोर्ट, गेट नंबर-03 एवं एसएसएफ कार्यालय का स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने वहां तैनात सुरक्षा कर्मियों की ड्यूटी व्यवस्था की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

निरीक्षण के उपरांत एक सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें एडीजी ने न्यायालय सुरक्षा में तैनात अधिकारियों व कर्मचारियों से संवाद कर उनकी समस्याएं व सुझाव सुने। उन्होंने कहा कि न्यायालय परिसर जैसी संवेदनशील जगह पर सुरक्षा में कोई ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को स्मार्ट और हाईटेक बनाने के लिए जरूरी कदम उठाने की बात कही।

इस दौरान सेनानायक 04वीं वाहिनी यूपीएसएसएसएफ राम सुरेश यादव, एसीपी हरीपर्वत विनायक भोसले, थाना प्रभारी न्यू आगरा राजीव त्यागी, प्रभारी निरीक्षक न्यायालय सुरक्षा मुकेश यादव, केंद्रीय नाजिर सुशांत गौड़, सुब्रांत गोस्वामी सहित न्यायालय सुरक्षा बल के अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor