देश में निरंतर पैर पसार रहा कोरोनाः 12 दिन में कई गुना बढ़े केस, महाराष्ट्र-केरल में सबसे ज्यादा संक्रमण
नई दिल्ली। देश में एक बार फिर कोरोना संक्रमण तेजी से फैल रहा है। 22 मई को जहां पूरे देश में केवल 250 के आसपास कोविड केस दर्ज किए गए थे, वहीं अब यह संख्या 4,000 के पार पहुंच चुकी है। महज 12 दिनों में संक्रमण के मामलों में कई गुना वृद्धि ने एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है।
38 लोगों की मौत, महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा
कोरोना के इस उभार के साथ ही अब तक 38 मौतों की भी पुष्टि हुई है, जिनमें से सबसे ज्यादा 10 मौतें अकेले महाराष्ट्र में हुई हैं। महाराष्ट्र और केरल ऐसे दो राज्य हैं जहां देश के कुल सक्रिय मामलों में से आधे से अधिक मरीज हैं।
दिल्ली, गुजरात, कर्नाटक, तमिलनाडु और अन्य राज्यों से भी नए मामलों की पुष्टि हुई है, जिससे संक्रमण का दायरा बढ़ता जा रहा है।
स्वास्थ्य मंत्रालय अलर्ट मोड पर
कोरोना केसों में आई इस तेज़ वृद्धि को देखते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने देशभर में निगरानी बढ़ा दी है। मंत्रालय राज्यों के स्वास्थ्य विभागों के सतत संपर्क में है और कोविड-19 से निपटने की तैयारियों की समीक्षा भी कर चुका है।
राज्यों को कोविड प्रोटोकॉल और अस्पतालों में व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। जिन जिलों में पॉजिटिविटी रेट तेजी से बढ़ रही है, वहां टेस्टिंग, ट्रैकिंग और ट्रीटमेंट को सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं।
फिर जरूरी हुआ मास्क और सावधानी
विशेषज्ञों का मानना है कि मौसम परिवर्तन और लापरवाही के चलते संक्रमण की गति तेज हुई है। भीड़भाड़ वाले इलाकों में मास्क पहनना, हाथ धोना और सामाजिक दूरी जैसे नियमों को फिर से सख्ती से अपनाने की जरूरत है।