आगरा मास्टर हॉकी फ्यूजन लीग में रोमांच चरम पर, शारदा शार्क और डॉ. गौतम जर्मन होम्यो मेडी सेंटर की जीत के साथ सेमीफाइनल के मुकाबले तय

आगरा। एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम के सिंथेटिक एस्ट्रो टर्फ मैदान पर दूधिया रोशनी के बीच चल रही ‘आगरा मास्टर हॉकी फ्यूजन प्रीमियर लीग’ में रोमांचक मुकाबलों का सिलसिला जारी है। बुधवार को खेले गए अंतिम लीग मैचों के बाद सेमीफाइनल की तस्वीर पूरी तरह स्पष्ट हो गई, जिससे टूर्नामेंट का उत्साह और बढ़ गया है।

May 28, 2026 - 19:39
May 28, 2026 - 19:44
 0
आगरा मास्टर हॉकी फ्यूजन लीग में रोमांच चरम पर, शारदा शार्क और डॉ. गौतम जर्मन होम्यो मेडी सेंटर की जीत के साथ सेमीफाइनल के मुकाबले तय
आगरा मास्टर हॉकी फ्यूजन लीग में गुरुवार को खेले गये मैच की एक झलक।

लीग मुकाबलों से पहले मैच का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. लाल सिंह (पार्षद वार्ड 64), रामलाल यादव (एमडी, यूके स्पोर्ट्स), राजेंद्र सक्सेना (रामोत्तम चिराज इवेंट), मोहित दिवाकर और दिव्यांश सक्सेना ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।

पूल ‘बी’ के पहले मुकाबले में शारदा शार्क और रॉयल एनफील्ड के बीच बेहद रोमांचक खेल देखने को मिला। अंतिम स्कोर 4-3 से शारदा शार्क के पक्ष में रहा। तीसरे क्वार्टर तक रॉयल एनफील्ड 3-1 से आगे थी, लेकिन अंतिम क्वार्टर में मुकाबले ने पलटी मार दी। शारदा शार्क के कुनाल और अभिषेक ने 2-2 गोल कर टीम को ऐतिहासिक जीत दिलाई। रॉयल एनफील्ड की ओर से धीरज मदान ने 2 और प्रभदीप सिंह ने 1 गोल किया। शानदार प्रदर्शन के लिए प्रभदीप सिंह को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।

पूल ‘ए’ के दूसरे मुकाबले में डॉ. गौतम जर्मन होम्यो मेडी सेंटर ने योद्धा फ्लिकर को एकतरफा अंदाज में 7-2 से हराया। अनुज सिंह ने अकेले 5 गोल दागकर विपक्षी टीम को पूरी तरह दबाव में ला दिया। दिनेश और डॉ. जयशंकर यादव ने 1-1 गोल किया। योद्धा फ्लिकर की ओर से मोइन खान और फरमान ने 1-1 गोल किया। फरमान को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का पुरस्कार दिया गया।

लीग चरण की समाप्ति के साथ ही सेमीफाइनल मुकाबलों के लिए चार टीमें तय हो गई हैं। आज (गुरुवार) एकलव्य स्टेडियम में सेमीफाइनल मुकाबले खेले जाएंगे, जिनमें पुल ‘A’ से डॉ. गौतम जर्मन होम्यो मेडी सेंटर और बंसल एस टैग तथा पुल ‘B’ से शारदा शार्क और रॉयल एनफील्ड आमने-सामने होंगी।

निर्णायक मंडल में अजय सिंह राजपूत, अमिताभ गौतम, राजीव सोई, चौधरी एम.डी. अहमद खान, रघु और गुरप्रीत सिंह शामिल रहे।

इस दौरान उपाध्यक्ष धर्मेंद्र बघेल, शकील खान, के.पी. सिंह यादव, बंटी यादव, संदीप सोलंकी, अमित दीक्षित, सनी उपधाय, कमल चहार, दिवेश यादव, गोपाल भगत, अमरजीत सिंह, दिलीप शर्मा, शाहिद अंसारी सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor