पूर्व सांसद सेठ अचल सिंह की 131वीं जयंती 4 मई को मनाई जाएगी
आगरा। आगरा के प्रथम पूर्व सांसद और स्वतंत्रता सेनानी सेठ अचल सिंह की 131वीं जयंती के अवसर पर 4 मई को सांय 4 बजे अचल भवन, दरेसी पर एक समारोह आयोजित किया जाएगा।
अचल ट्रस्ट के मंत्री राजीव अग्रवाल ने जानकारी दी कि इस अवसर पर सेठ अचल सिंह के उल्लेखनीय योगदानों को याद किया जाएगा।
राजीव अग्रवाल ने बताया कि सेठ अचल सिंह आगरा के ऐसे अनूठे जनप्रतिनिधि रहे, जिन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन में भाग लेते हुए 9 वर्षों तक जेल यात्रा की। ब्रिटिश शासनकाल में वे तीन बार कांग्रेस के टिकट पर विधायक निर्वाचित हुए, जब विधानसभा को 'प्रांतीय धारावी सभा' कहा जाता था। इसके अतिरिक्त वे दो बार नगर पालिका के पार्षद, उपसभापति और दो बार छावनी परिषद के सदस्य भी रहे।
देश की आज़ादी के बाद 1952 से 1977 तक वे लगातार 25 वर्षों तक आगरा से लोकसभा के सांसद रहे। उनके कार्यकाल में आगरा में कई महत्वपूर्ण विकास कार्य संपन्न हुए जिनमें सदर का स्पोर्ट्स स्टेडियम, यमुना पर जवाहर पुल, एम.जी. रोड का चौड़ीकरण, संजय प्लेस, राजा मंडी रेलवे स्टेशन का विस्तार, ट्रांसपोर्ट नगर, बल्केश्वर में आईटीआई की स्थापना, और महिलाओं के लिए बीडी जैन डिग्री कॉलेज, इंटर कॉलेज व प्राइमरी स्कूल की स्थापना प्रमुख हैं।
अचल ट्रस्ट के अध्यक्ष शशि शिरोमणि ने बताया कि इस अवसर पर शहर के प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. प्रमोद मित्तल को सम्मानित किया जाएगा। समारोह के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश कांग्रेस विधानमंडल दल के पूर्व नेता प्रदीप माथुर होंगे तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रमुख उद्यमी डॉ. रंजना बंसल उपस्थित रहेंगी।