एक्सप्रेस वे किनारों से हटाए जाएंगे अवैध शराब की दुकानें , पार्किंग और ढाबे

आगरा। शहर की सड़कों पर नाबालिगों द्वारा ई रिक्शा चलाए जाने को रोकने हेतु पुलिस और परिवहन विभाग संयुक्त रूप से अभियान चलाएगा। साथ ही एक्सप्रेस वे एवं उसके किनारे से शराब की दुकानें, अवैध पार्किंग और अवैध ढाबे हटाए जाएंगे। यह निर्देश आज मंडलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह ने मंडलीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक के दौरान दिए।

Mar 11, 2025 - 21:16
Mar 11, 2025 - 21:36
 0
एक्सप्रेस वे किनारों से हटाए जाएंगे अवैध शराब की दुकानें , पार्किंग और ढाबे
मंडलायुक्त सभागार में आयोजित मंडलीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में मौजूद मंडलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह, आईजी जोन दीपक कुमार आदि।

दुर्घटना पर तुरंत सहायता को हर टोल प्लाजा पर एबुलेंस और क्रेन खड़ी करने के निर्देश 

 मंडलीय  सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में लिए गए अहम फैसले 

मण्डलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में परिवहन विभाग एवं पुलिस विभाग द्वारा हेलमेट, सीटबेल्ट, मोबाइल फोन/ईयर फोन का प्रयोग, गलत दिशा में वाहन चलाना, नशे की हालात में वाहन चलाना, ओवर स्पीडिंग, स्टंटिंग के विरूद्ध की गयी प्रवर्तन कार्यवाही की तुलनात्मक समीक्षा की गयी। मथुरा और मैनपुरी में नशे ही हालात में वाहन चलाने वालों और स्टंटिंग के विरूद्ध बहुत कम संख्या में हुए चालान को लेकर आईजी आगरा जोन दीपक कुमार ने पुलिस व परिवहन विभाग को प्रभावी रूप से प्रवर्तन कार्यवाही के निर्देश दिए। 

बैठक में टोल प्लाजा से होकर गुजरने वाले ओवर लोडेड वाहनों के विरूद्ध कार्यवाही को लेकर अवगत कराया गया कि अप्रैल 2024 से जनवरी 2025 तक 6827 वाहनों के खिलाफ चालान किए गये हैं एवं 2400 वाहनों को बंद किया गया तथा उनसे 13.18 करोड़ रूपये शमन शुल्क वसूला गया। आयुक्त ने अधिकांश टोल प्लाजा से ओवरलोड वाहनों का डाटा नहीं आने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने सभी टोल प्लाजा पर वे इन मोशन ब्रिज स्थापित करने तथा सही डाटा भेजने हेतु निर्देशित किया। 

मंडलायुक्त ने आगरा सम्भाग के चारों जनपदों में डम्पिंग यार्ड की जमीन उपलब्ध कराये जाने हेतु जिलाधिकारियों को पत्र प्रेषित करने के निर्देश दिए। विभिन्न अपराधों में निलम्बन किए गये लाइसेंस प्रकरणों के बारे में अवगत कराया कि परिवहन विभाग द्वारा आगरा में 137, फिरोजाबाद में 111, मैनपुरी में 306 और मथुरा में 174 लाइसेंस निलंबन की कार्यवाही की गयी है। वहीं पुलिस विभाग द्वारा कोई कार्यवाही नहीं किए जाने पर आईजी द्वारा बैठक में मौजूद पुलिस व ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों को सुप्रीम कोर्ट द्वारा दिए गये निर्देशों के अनुपालन में विभिन्न अपराधों में लाइसेंस निलम्बन की कार्यवाही किए जाने के निर्देश दिए। 

बैठक में स्कूल बस के विरुद्ध कार्रवाई के बारे में बताया गया कि आगरा मंडल में पंजीकृत स्कूल वाहनों का निरीक्षण के बाद मानक के विरुद्ध 371 बसों का चालान किया गया, जबकि 56 बसों का पंजीयन निरस्त कर बंद किया गया है। मंडलायुक्त ने निर्देश दिए हैं कि अवशेष सभी बसों के फिटनेस की जांच की जाए। सड़क किनारे खड़े होने वाले वाहनों के खिलाफ कार्यवाही करने हेतु एनएचएआई एवं एक्सप्रेसवे प्राधिकरण द्वारा लगातार पैट्रोलिंग की जाए। 

मंडलायुक्त ने निर्देश दिए हैं कि मण्डल के सभी टोल प्लाजाओं पर एंबुलेंस मय प्रशिक्षित स्टाफ और क्रेन उपलब्ध रहे। जनपदीय आकस्मिक मेडिकल एक्शन प्लान के तहत चारों जनपदों के अस्पतालों में तैयारी, बेड, मानव संशाधन और उपकरण की पर्याप्त उपलब्धता रहे तथा समय-समय पर मानीटरिंग की जाए। 

मंडलायुक्त ने अधिकारियों से कहा कि वे सड़क दुर्घटनाओं को रोकने हेतु दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्र यानि ब्लैक स्पाट को स्थानीय स्तर पर चिन्हित करें तथा सड़क स्वामित्व वाले विभाग द्वारा इंजीनियरिंग की कमियों को दूर किया जाए। मथुरा जनपद में छटीकरा कट पर एनएचएआई को अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए।