महाराष्ट्र सरकार की तरह यूपी सरकार ब्रज के वीर योद्धाओं को सम्मान दे

आगरा। अखिल भारतीय जाट महासभा ने महाराष्ट्र सरकार द्वारा छत्रपति शिवाजी को सम्मान दिए जाने की तर्ज पर यूपी सरकार द्वारा भी ब्रज क्षेत्र के वीर योद्धाओं को सम्मान दिए जाने की मांग की है।

Mar 23, 2025 - 22:53
 0
महाराष्ट्र सरकार की तरह यूपी सरकार ब्रज के वीर योद्धाओं को सम्मान दे
शास्त्रीपुरम स्थित मान सिंह पैलेस में अभा जाट महासभा की बैठक मौजूद सभा के पदाधिकारी।

28 मार्च को जाट महासभा मंडलायुक्त को देगी ज्ञापन 

शास्त्रीपुरम स्थित मान सिंह पैलेस में महासभा के जिलाध्यक्ष कप्तान सिंह चाहर की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में जिलाध्यक्ष ने कहा कि ब्रज क्षेत्र के अनेक वीर योद्धाओं ने देश की आजादी के लिए मुगलों और अंग्रेजों से संघर्ष करते हुए अपने बलिदान दिए हैं। वीर गोकुला जाट ने औरंगजेब के अनेक फौजदारों को मार डाला था और उनके उत्पीड़न के खिलाफ ब्रज क्षेत्र के किसानों को एकजुट कर औरंगजेब जैसे सर्वाधिक ताकतवर राजा को गढी तिलपत में युद्ध करने के लिए मजबूर कर दिया था। 

उन्होंने कहा कि तीन दिन तक युद्ध हुआ और अंत में औरंगजेब की इस्लाम धर्म कबूल न करने की शर्त न मानने पर स्वयं सहित अपने चाचा उदय सिंह व परिवारजनों का बलिदान दिया था। जिलाध्यक्ष चाहर ने कहा कि वीर गोकुला का आगरा में म्यूजियम बनाने, उनके नाम पर ब्रज के समस्त जनपदों में द्वारों का निर्माण करने की जरूरत है। 

पूर्व जिला अध्यक्ष एवं जाट महासभा के संरक्षक चौधरी मानसिंह पूर्व ब्लॉक प्रमुख ने कहा कि 12-जून 1761 को महाराजा सूरजमल ने आगरा किले पर कब्जा करके मुगलों से आगरा को आजादी दिलाई थी। संपूर्ण ब्रज क्षेत्र में महाराजा सूरजमल ने मुगलों को खदेड़ा था। वरिष्ठ उपाध्यक्ष जयप्रकाश ने कहा बड़े दुख की बात है कि आगरा को मुगलों से आजाद कराने वाले और 14 वर्ष तक आगरा पर शासन करने वाले महाराजा सूरजमल की प्रतिमा तक आगरा में नहीं लगाई गई है, जबकि आगरा महापौर को 15 माह पूर्व ही ज्ञापन दिया जा चुका है। 

उपाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह राणा ने कहा कि शाहजहां गार्डन का नाम गोकुला उद्यान या महाराजा सूरजमल उद्यान रखा जाए। आगरा-भरतपुर राष्ट्रीय राजमार्ग का नाम महाराजा सूरजमल के नाम पर रखा जाए। संचालन करते हुए महामंत्री वीरेंद्र सिंह छोंकर ने कहा कि अकबर की कब्र को सिकंदरा से खोद कर हड्डियां जलाने वाले वीर रामकी चाहर राजाराम जाट के नाम पर सिकंदरा मेट्रो स्टेशन का नाम रखा जाए और उनकी प्रतिमा सिकंदरा परिसर में लगाई जाए।

 बैठक में सर्व समिति से प्रस्ताव पारित कर जाट महासभा ने कहा कि 12 जून 1761 को आगरा किले पर कब्जा करने वाले और आगरा की जनता को मुगलिया अत्याचार से मुक्त करने वाले महाराजा सूरजमल की याद में 12 जून को आगरा विजय दिवस आगरा किले में सरकारी स्तर पर मनाया जाए । 

युवा जाट महासभा के जिला अध्यक्ष चौधरी सुरेंद्र सिंह ने कहा कि अगर उक्त मांगे नहीं मानी गई तो युवा जाट महासभा 12 जून को आगरा किले के लिए कूच करेगी। मांगों को लेकर जाट महासभा 28 मार्च को आगरा कमिश्नरी पर प्रदर्शन कर कमिश्नर को ज्ञापन देगी।

 बैठक में उपाध्यक्ष चौधरी नवल सिंह कोषाध्यक्ष चौधरी गुलबीर सिंह, सत्यवीर रावत, विनीत कुमार, चौधरी राजेश सिंह एडवोकेट आदि ने विचार रखे।