बरेली में एमबीबीएस का छात्र नदी में नहाते समय डूबा

बरेली। यहां के राजश्री मेडिकल कॉलेज के एक एमबीबीएस छात्र की नदी में डूबने से मौत हो गई। कॉलेज के 10 मेडिकल छात्र पैदल टहलते हुए बहगुल नदी और भाखड़ा नदी के संगम की ओर निकल गए थे। इनमें से चार छात्र संगम में नहाने के लिए नदी में उतर गए। दो छात्रों को तैरना आता था।

May 4, 2025 - 10:45
May 4, 2025 - 12:22
 0
बरेली में एमबीबीएस का छात्र नदी में नहाते समय डूबा

ये दोनों तो किनारे आ गए, लेकिन दो अन्य छात्रों को तैरना नहीं आता था। उनमें से एक छात्र को ग्रामीणों ने डूबने से बचा लिया गया जबकि दूसरा छात्र गहरे पानी में डूब गया। 

थाना फतेहगंज पश्चिमी के प्रभारी इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि पिपरिया गांव वालों का कहना है कि जिस जगह पर छात्र डूबा है, वहां से 18 से 20 फुट गहरा पानी है।

एमबीबीएस प्रथम वर्ष का छात्र शनिदेव (20 वर्ष) दो नदियों के संगम के भंवर में फंसकर बह गया। वहां मौजूद ग्रामीण इस छात्र की तलाश में असफल रहे तो बाहर के गोताखोरों से संपर्क किया गया। गोताखोरों ने रात होने की वजह से असमर्थता जाहिर कर दी।

आज रविवार सुबह से फिर से छात्र की तलाश शुरू हो गई है। ग्रामीणों ने आराध्य मिश्रा को डूबने से बचा लिया था। आराध्य मिश्रा गोरखपुर का रहने वाला है। पानी में डूबा दूसरा छात्र शनिदेव महेंद्रगढ़, हरियाणा का निवासी है। शनिदेव एमबीबीएस प्रथम वर्ष का छात्र था। पुलिस मौके पर मौजूद रहकर देर रात तक रेस्क्यू अभियान चलवाती रही लेकिन डूबे छात्र का कोई पता नहीं चल सका था।