मनी एक्सचेंजर ने नंगा नाच कर अतिथि देवो भव की भावना को किया शर्मसार

आगरा। पर्यटन नगरी आगरा में अतिथि देवो भव की भावना को ठेस पहुंचाने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है। दिल्ली और आगरा के मनी एक्सचेंज रेट को लेकर पूछे गए एक सवाल ने इतना तूल पकड़ लिया कि मनी एक्सचेंज संचालक विदेशी पर्यटक दंपति और उसके साथ आए गाइड पर भड़क गया। मामला अब पुलिस तक पहुंच चुका है और जांच शुरू हो गई है।

Apr 24, 2025 - 19:56
 0
मनी एक्सचेंजर ने नंगा नाच कर अतिथि देवो भव की भावना को किया शर्मसार
पुलिस शिकायत लिखते आस्ट्रेलियाई दंपति।

यूरो एक्सचेंज में दो रुपये कम बताए थे

विदेशी सैलानियों को आगरा घुमा रहे गाइड ने बताया कि विदेशी महिला पर्यटक को कैश की जरूरत पड़ी। उन्हें मनी एक्सचेंज नजर आया तो वे उसमें अंदर जाकर यूरो से एक्सचेंज के बारे में पूछताछ की। मनी एक्सचेंज संचालक ने विदेशी महिला से कहा कि यूरो के बदले 92 रुपये मिलेंगे। इस पर महिला ने कहा कि दिल्ली और आगरा के रेट में दो रुपये का अंतर क्यों है क्योंकि दिल्ली में एक्सचेंज कराने पर उन्हें 94 रुपये मिले थे। 

गाइड को दी गई कुर्सी से बांधने की धमकी

इस विदेशी दंपति के साथ मौजूद गाइड ने मनी एक्सचेंज के संचालक से इस चीटिंग को लेकर आपत्ति जताई तो एक्सचेंज संचालक आयुष भड़क उठा। अपने कर्मचारी बुला लिए और गाइड को कुर्सी से बांधने की धमकी दी। खुद की पुलिस से सेटिंग बताते हुए उसे पकड़वाने तक की चेतावनी दे डाली। इस हंगामे के बाद विदेशी दंपति और गाइड जब बाहर आकर अपने गंतव्य की ओर जाने लगे तो मनी एक्सचेंज संचालक फिर से दौड़ते हुए आया और रास्ता रोक कर जोर-जोर से चीखने चिल्लाने लगा। 

एक्सपायर लाइसेंस का भी आरोप

गाइड का कहना है कि इस मनी एक्सचेंज पर इससे पहले भी इसी तरह की घटनाएं हो चुकी हैं। गाइड ने यह भी आशंका जताई कि मनी एक्सचेंज लाइसेंस पहले ही एक्सपायर हो चुका है। गाइड ने लाइसेंस के बारे में ही पूछ लिया था, इसी पर सवाल उठाने पर ही एंपोरियम संचालक ने आपा खोया।

सहम गए विदेशी दंपति, पुलिस को दी शिकायत

मनी एक्सचेंज संचालक द्वारा किये गये हंगामे और गाइड के साथ हो रही अभद्रता और गाली-गलौज को देख विदेशी पर्यटक दंपति सहम गए। बाद में इन पर्यटकों ने पर्यटन थाना पुलिस को एक शिकायत भी सौंपी। पुलिस अब इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। यह दंपति आस्ट्रेलियाई बताये जा रहे हैं। 

शहर की छवि पर बट्टा

पर्यटन से आजीविका चलाने वाले आगरा जैसे ऐतिहासिक शहर में इस प्रकार की घटना आगंतुकों पर नकारात्मक प्रभाव डालती है। मनी एक्सचेंज संचालक की हरकत ने न केवल विदेशी मेहमानों की गरिमा को ठेस पहुंचाई बल्कि आगरा की मेहमाननवाजी की छवि को भी नुकसान पहुंचाया है।