एनसीसी कैडेट्स ने जागरूकता अभियान चलाया, बताया– तंबाकू जीवन का नहीं, मौत का स्वाद है
आगरा। विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर आगरा कॉलेज की एनसीसी आर्मी विंग के कैडेट्स ने शहरवासियों को तंबाकू के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया। वन यूपी एनसीसी वाहिनी के सहयोग से कैडेट्स ने जनजागरण अभियान चलाकर यह संदेश दिया कि तंबाकू, गुटखा, बीड़ी और सिगरेट जैसे नशे सिर्फ स्वास्थ्य को ही नहीं, पूरे परिवार की खुशियों को भी लील लेते हैं।
अभियान के दौरान कैडेट्स ने बताया कि तंबाकू सेवन से कैंसर, टीबी, अस्थमा, दांतों और फेफड़ों की गंभीर बीमारियां हो सकती हैं, जिनका इलाज भी कठिन और खर्चीला होता है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे स्वयं तो इससे दूर रहें ही, साथ ही अपने आस-पास के लोगों को भी रोकें।
स्वास्थ्य जागरूकता का लिया संकल्प
कार्यक्रम में कैप्टन अमित अग्रवाल (कंपनी कमांडर, एनसीसी आर्मी विंग) की अगुवाई में यूओ लवकुश, कैडेट्स जाह्नवी सिसोदिया, कृष्णा, विशाल रावत, आदित्य, अदिति, समायरा, प्रियंका, संजना, मोहित शर्मा, राजकुमार, हर्षकांत, हर्षित आदि ने सक्रिय रूप से भाग लिया।
सभी कैडेट्स ने तंबाकू निषेध की शपथ ली और भविष्य में समाज को स्वस्थ और नशा-मुक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया।