बरेली के एक गांव के घरों में हाई वोल्टेज से लोग जान बचाकर भागे, एक युवक की मौत
बरेली। बरेली जिले के फरीदपुर क्षेत्र के दीपपुर तिराहा गांव में गुरुवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई जब बिजली लाइन में अचानक हाई वोल्टेज करंट दौड़ गया। इस दौरान 30 वर्षीय युवक बिजेंद्र की करंट लगने से मौत हो गई, जबकि कई अन्य ग्रामीण झुलस गए और दर्जनों घरों में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जलकर खाक हो गए। घरों में हाई वोल्टेज करंट दौड़ने से गांव में लोग घरों से निकलकर बाहर आ गये।
गांव के निवासी बिजेंद्र पुत्र जगवीर रात करीब 9:30 बजे मोबाइल चार्ज कर रहे थे। प्लग में चार्जर लगाते ही उन्हें तेज़ करंट से झटका लगते ही वह अचेत होकर गिर पड़े। परिजन उन्हें इलाज के लिए ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
इस घटना से गांव में हड़कंप मच गया। ठीक इसी समय गांव के दूसरे घरों की विद्युत लाइन वाली जगहों से चिंगारियां निकलने लगीं, और लोग घरों से जान बचाकर बाहर भागने लगे। कई टीवी, फ्रिज, इन्वर्टर, पंखे और चार्जर जल गए। कुछ ग्रामीणों को मामूली झटके लगे, जिन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया।
शुक्रवार सुबह फरीदपुर पुलिस मौके पर पहुंची। प्रभारी निरीक्षक राधेश्याम सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। बिजली विभाग की भूमिका भी संदिग्ध प्रतीत हो रही है।
ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली विभाग को बार-बार फोन करने के बावजूद कोई रिस्पॉन्स नहीं मिला, जिससे आक्रोश और अधिक बढ़ गया। अब गांव में शोक के साथ-साथ गुस्से का माहौल है। ग्रामीणों ने मुआवजे और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।