सांसद सुमन को पुलिस ने अलीगढ़ जाने से रोका, आवास पुलिस छावनी में तब्दील

आगरा। राणा सांगा पर विवादित बयान देने वाले सपा सांसद रामजीलाल सुमन की सुरक्षा को कड़ा कर दिया गया है। आज वह जब अलीगढ़ जाने की तैयारी कर रहे थे, तभी पुलिस ने उनके आवास को छावनी में तब्दील कर दिया और सुमन को अलीगढ़ जाने से रोक दिया।

May 2, 2025 - 12:50
 0
सांसद सुमन को पुलिस ने अलीगढ़ जाने से रोका, आवास पुलिस छावनी में तब्दील

गौरतलब है कि सांसद सुमन के बयान के खिलाफ देशभर में विरोध के सुर मुखर हो गए हैं। उनके आवास पर प्रदर्शन के साथ ही राणा सांगा की जन्म जयंती पर शक्ति प्रदर्शन और उसके बाद बुलंदशहर जाते समय अलीगढ़ क्षेत्र में उनके काफिले पर पथराव और टायर फेंके जाने की घटना के बाद प्रशासन सांसद सुमन की सुरक्षा में कोई कोताही नहीं बरतना चाहता है। इधर सांसद सुमन ने अपनी सुरक्षा को लेकर हाईकोर्ट में याचिका दायर कर रखी है। इसलिए पुलिस उनकी सुरक्षा को लेकर अलर्ट है।

सांसद सुमन आज सुबह अलीगढ़ जाने की तैयारी कर रहे थे। उनके साथ तमाम सपाई भी जाने वाले थे। इसकी भनक लगते ही पुलिस ने उनके घर की सुरक्षा बढ़ा दी है। उनके आवास को छावनी में तब्दील कर दिया है। 

पुलिस ने सांसद रामजीलाल सुमन को सुरक्षा कारणों से अलीगढ़ जाने से रोक दिया है। एसीपी विनायक भोंसले और एसीपी अरीब अहमद उनके आवास पर मौजूद हैं। बड़ी संख्या में सपा नेता और कार्यकर्ता भी सांसद के आवास पर मौजूद हैं।