बाह और फतेहाबाद में राणा सांगा पर सुमन के बयान का विरोध, पुतला फूंका

आगरा। मेवाड़ के राजा राणा सांगा के लिए अभद्र भाषा प्रयोग करने पर सपा सांसद रामजी लाल सुमन का ग्रामीण क्षेत्रों में भी विरोध शुरू हो गया है। शुक्रवार को फतेहाबाद और बाह क्षेत्र में सुमन के पुतलों के जुलूस निकाले गये।

Mar 28, 2025 - 21:31
 0
बाह और फतेहाबाद में राणा सांगा पर सुमन के बयान का विरोध, पुतला फूंका
फतेहाबाद में सांसद रामजी लाल सुमन का पुतले के साथ नारेबाजी करते क्षत्रिय समाज के युवक। दूसरे चित्र में बाह में एसीपी को ज्ञापन देते भाकियू महाशक्ति के पदाधिकारी।

फतेहाबाद में पुतले का दहन भी किया गया। फतेहाबाद के बस स्टैंड पर क्षत्रिय समाज के नेता डोंगर सिंह चौहान के नेतृत्व में युवाओं ने सांसद रामजी लाल सुमन का पुतला फूंका। इस दौरान डोंगर सिंह ने कहा कि रामजीलाल सुमन द्वारा दिया गया बयान उनकी ओछी मानसिकता को दर्शाता है। ऐसे लोगों पर कड़ी कार्यवाही की जानी चाहिए। इस दौरान इंस्पेक्टर डीपी तिवारी के नेतृत्व में भारी पुलिस बल भी मौजूद रहा।

सुमन के बयान के विरोध में भारतीय किसान यूनियन महाशक्ति शुक्रवार को बाह में सड़क पर उतर आई। यूनियन के कार्यकर्ताओं ने बाह में सांसद सुमन के पुतले के साथ विरोध जुलूस निकाला। एक ज्ञापन देकर सुमन की राज्यसभा से सदस्यता समाप्त करने की मांग की गई। 

भारतीय किसान यूनियन महाशक्ति के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सांसद सुमन के पुतले के साथ सड़क पर जुलूस निकाला। जुलूस में शामिल कार्यकर्ता सुमन के विरोध में नारे लगाते चल रहे थे। बाह चौराहे पर इन लोगों ने पुतला दहन का प्रयास किया, लेकिन वहां पहले से मौजूद एसीपी बाह ने इन्हें ऐसा करने से रोक दिया। 

भाकियू की ओर से मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन एसीपी बाह को दिया गया, जिसमें सुमन के खिलाफ राष्ट्रदोह का मुकदमा दर्ज करने की मांग की गई है। केंद्र सरकार से सुमन की राज्यसभा सदस्यता समाप्त करने की मांग की गई है। विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व यूनियन के जिलाध्यक्ष भानु प्रताप चौहान कर रहे थे।