मानवता की छांव में ‘राही’, गर्मी से राहत और सम्मान का संदेश
हाथरस। भीषण गर्मी की दोपहरी में जहां आमजन राहत की छांव ढूंढता है, वहीं आगरा के राही फाउंडेशन ने मानवता की ठंडी छांव ही बिछा दी। उद्यमी डॉ. रेणुका डंग और समाजसेवी अभिषेक मेहरोत्रा के संयुक्त प्रयास से जिले के सासनी कस्बे में आयोजित वस्त्र वितरण कार्यक्रम में 200 महिलाओं को साड़ियां और 200 युवाओं को कैप बांटे गए।
-सासनी में राही फाउंडेशन का सेवा आयोजन, 200 महिलाओं को साड़ियां और युवाओं को कैप वितरित
यह कार्यक्रम महज़ वस्त्र वितरण नहीं बल्कि सम्मान, सशक्तिकरण और सरोकार का संगम था। कार्यक्रम में गरीब और ज़रूरतमंद महिलाओं को सामाजिक आत्मबल देने की प्रेरणा दी गई।
हम भटके थे, अब सुधार का वक्त है
मुख्य अतिथि डॉ. रेणुका डंग ने कहा कि हम ऐतिहासिक रूप से उस दौर से गुज़रे जब बेटियों को बोझ समझा गया, लेकिन अब वक्त है उन्हें सशक्त करने का। उन्होंने कहा कि अहिल्याबाई होल्कर, सावित्रीबाई फूले, कर्नल सोफिया कुरैशी और विंग कमांडर व्योमिका सिंह जैसी महिलाओं ने भारत की आत्मा को फिर से गौरवान्वित किया है। देश की तरक्की तभी मुमकिन है जब आधी आबादी आगे बढ़े, और राही फाउंडेशन उसी दिशा में काम कर रहा है।
मनुष्य वही, जो मनुष्य के लिए मरे
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि अभिषेक मेहरोत्रा ने कहा, ये तो पशु प्रवृत्ति है कि आप-आप ही चरे, वही मनुष्य है जो कि मनुष्य के लिए मरे।
उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम महिलाओं के सम्मान और स्वागत का प्रतीक है। ऐसे आयोजन समाज में सहयोग और करुणा का नया दृष्टिकोण देते हैं।
सशक्तिकरण की भावना से भरा था आयोजन
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे विनोद वर्मा ने कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में ऊर्जा, एकता और सेवा भावना का प्रसार होता है। संयोजक सुषमा गुप्ता ने बताया कि राही फाउंडेशन शुरू से ही महिला व युवा सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है और यह कार्यक्रम उसी संकल्प की एक कड़ी है। अनिल दीक्षित ने भी आयोजन को सराहनीय बताते हुए राही टीम को बधाई दी। धर्मेन्द्र शर्मा ने कार्यक्रम का संचालन किया।