भगवान चित्रगुप्त पर विवादित टिप्पणी से मथुरा में कथावाचक प्रदीप मिश्रा का पुतला फूंका गया
मथुरा। श्री चित्रगुप्त पीठ, वृंदावन एवं श्री चित्रगुप्त अखाड़ा के पीठाधीश्वर जगतगुरु डॉ. स्वामी सच्चिदानंद चित्रगुप्त "चित्रगुप्ताचार्य" के आह्वान पर देशभर में सनातन धर्मावलंबियों एवं चित्रगुप्त वंशजों ने एकजुट होकर आज धर्म और न्याय के देवता भगवान श्री चित्रगुप्त जी महाराज के सम्मान की रक्षा हेतु जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्राथमिकी दर्ज कराने हेतु प्रार्थना पत्र देने के पश्चात पंडित प्रदीप मिश्रा पुतला दहन किया।
-कायस्थ समाज में उबाल, एसएसपी को सौंपा गया ज्ञापन, एफआईआर दर्ज करने की मांग
गौरतलब है कि महाराष्ट्र में कथा वाचन के दौरान कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्र “सीहोर वाले” द्वारा भगवान चित्रगुप्त के संबंध में अशोभनीय, अपमानजनक व अमर्यादित भाषा का प्रयोग किए जाने के बाद से कायस्थ समाज में भारी रोष है। उनके खिलाफ देश में कायस्थ समाज द्वारा विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं।
कायस्थ समाज की ओर से सभी जिलों व शहरों में एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू की गई है, जिससे पंडित प्रदीप मिश्रा सीहोर वाले के विरुद्ध विधिक कार्यवाही सुनिश्चित हो सके।सभी सनातनी संगठनों एवं संतजनों से अपील की गई है कि वे इस विषय में एकमत होकर आवाज़ उठाएं और ऐसे अपमानजनक वक्तव्यों को समाज में स्थान न दें।
डॉ. स्वामी सच्चिदानंद चित्रगुप्त ने कहा कि यह विरोध तब तक जारी रहेगा, जब तक पंडित प्रदीप मिश्रा पर मुकदमा दर्ज कर उनको गिरफ्तार नहीं किया जाता है। आज एसएसपी को मांग पत्र देकर मांग की गई है कि धार्मिक मंचों से सनातन देवताओं के विरुद्ध कोई भी अपमानजनक या अनुचित टिप्पणी निषिद्ध घोषित हो। प्रशासन द्वारा मामले की संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए उचित कानूनी कार्यवाही की जाए। यह संघर्ष केवल चित्रगुप्त वंशजों का नहीं, बल्कि सम्पूर्ण सनातन धर्म की मर्यादा की रक्षा का संघर्ष है।
इस अवसर पर श्री चित्रगुप्त पीठ के प्रमुख महामंडलेश्वर सुरेशानंद जी महाराज, दीर्घ विष्णु मन्दिर के महंत कान्तानाथ चतुर्वेदी, मंडलेश्वर गौरानंद जी महाराज, जयश्री श्रीवास्तव एडवोकेट, प्रदीप सक्सेना एडवोकेट, गोल्डी सक्सेना एडवोकेट, अनूप श्रीवास्तव एडवोकेट, धीरेन्द्र कुलश्रेष्ठ, अमित मिश्रा, रोहित पाठक, अजय सक्सेना, मनोज सक्सेना, मयंक सक्सेना, सुंदर चौधरी, ठाकुर बिहारी लाल, राज सक्सेना, राकेश सक्सेना, शिल्पा स्वरूप, रुचि सक्सेना, रेखा, सुधा आदि मौजूद थे।