देश सेवा में गये बीएसएफ सूबेदार की पार्थिव देह लौटी गांव में: त्रिपुरा में ड्यूटी के दौरान हृदयघात से मौत

बाह (आगरा)। देश सेवा में अपना जीवन समर्पित करने वाले बीएसएफ के सूबेदार विश्वनाथ भदौरिया की त्रिपुरा में ड्यूटी के दौरान अचानक हृदयगति रुकने से मौत हो गई। खबर मिलते ही उनके पैतृक गांव खिल्ली (जेबरा), थाना बासौनी में शोक की लहर दौड़ गई। बुधवार को उनका पार्थिव शरीर गांव पहुंचा तो पूरे गांव में मातम पसर गया। परिवारीजनों का तो रो-रोकर बुरा हाल था।

Jun 11, 2025 - 14:27
Jun 11, 2025 - 17:56
 0
देश सेवा में गये बीएसएफ सूबेदार की पार्थिव देह लौटी गांव में: त्रिपुरा में ड्यूटी के दौरान हृदयघात से मौत

सूबेदार विश्वनाथ भदौरिया के पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित करतीं विधायक रानी पक्षालिका सिंह। 

सैनिक सम्मान के साथ अंतिम विदाई

सूबेदार विश्वनाथ भदौरिया का बीएसएफ के अधिकारियों की मौजूदगी में सैनिक सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। जब तिरंगे में लिपटी उनकी पार्थिव देह गांव पहुंची, तो हर आंख नम हो गई। गांव ही नहीं, आसपास के गांवों के लोग भी अंतिम विदाई देने के लिए गांव में पहुंचे हुए थे। भारत माता की जय  के नारों के साथ देश के वीर सपूत को अंतिम विदाई दी गई।

विधायक पक्षालिका सिंह ने दी श्रद्धांजलि

बाह की विधायक रानी पक्षालिका सिंह भदावर भी गांव पहुंचीं और शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि विश्वनाथ भदौरिया जैसे जवानों की शहादत देश कभी नहीं भूल सकता। उनके परिजनों को हर संभव सहायता दी जाएगी।

गांव के लिए थे गौरव का विषय

सूबेदार विश्वनाथ भदौरिया गांव में देशभक्ति और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल थे। उनकी सरलता, अनुशासन और लोगों की मदद करने वाली प्रवृत्ति ने उन्हें गांव के हर दिल का चहेता बना दिया था। उनकी असामयिक मृत्यु से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का कहना है कि उन्होंने कभी कल्पना भी नहीं की थी कि देश के लिए समर्पित यह बेटा अचानक यूं चला जाएगा।

SP_Singh AURGURU Editor