यूपी बोर्ड का 12वीं का रिजल्टः प्रयागराज की महक बनीं टॉपर, लड़कियों ने मारी बाजी
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने वर्ष 2025 की 12वीं कक्षा का बोर्ड परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया है। इस बार प्रयागराज की महक जायसवाल ने 97.20 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश में टॉप किया है।
महक की इस उपलब्धि पर पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है।
दूसरे और तीसरे स्थान पर ये छात्र
दूसरे स्थान पर संयुक्त रूप से चार छात्र-छात्राएं रहे—अमरोहा की साक्षी, सुल्तानपुर के आदर्श यादव, प्रयागराज की शिवानी और कौशांबी की अनुष्का। इन सभी ने 96.80 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। वहीं, तीसरे स्थान पर इटावा की मोहिनी ने 96.40 प्रतिशत अंकों के साथ जगह बनाई है।
लड़कियों ने फिर मारी बाजी
इस बार भी यूपी बोर्ड में लड़कियों का दबदबा रहा। परीक्षा में लड़कों की तुलना में लड़कियों का पास प्रतिशत 10 प्रतिशत अधिक रहा है, जो राज्य में बेटियों की शिक्षा को लेकर जागरूकता और मेहनत का प्रमाण है।
अधिकारियों ने किया परिणाम जारी
परिणाम की औपचारिक घोषणा माध्यमिक शिक्षा निदेशक डॉ. महेंद्र देव और यूपी बोर्ड के सचिव भगवती सिंह ने की। उन्होंने सभी सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
रिजल्ट चेक करने के लिए वेबसाइट
विद्यार्थी अपना रिजल्ट यूपी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट upmsp.edu.in पर जाकर देख सकते हैं।