बरेली में रेल हादसे की बड़ी साजिश नाकाम: लोको पायलट की सतर्कता से बचीं सैकड़ों जानें
बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली में एक दिल दहला देने वाली रेल दुर्घटना की साजिश को वक्त रहते नाकाम कर दिया गया। टनकपुर-बरेली पैसेंजर ट्रेन को पटरी से उतारने की कोशिश की गई थी, लेकिन लोको पायलट की सतर्क निगाहों और त्वरित फैसले ने एक बड़ा हादसा टाल दिया। यह ट्रेन रविवार रात करीब 11:58 बजे दोहना स्टेशन के पास पहुंची थी, जहां साजिश रचने वालों ने रेलवे ट्रैक की ‘कैंची’ में पत्थर और लोहे के एंगल भर दिए थे।
-ट्रैक पर कैंजी में भर दिए गए थे पत्थर, डाले गए लोहे के एंगल; आरपीएफ और पुलिस जांच में जुटी
जैसे ही ट्रेन खतरनाक पॉइंट पर पहुंची, लोको पायलट को ट्रैक पर कुछ गड़बड़ नजर आई। उसने बिना समय गंवाए इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोक दिया, जिससे सैकड़ों यात्रियों की जान बच गई। किसी को भनक तक नहीं लगी कि वे एक भयानक हादसे का शिकार हो सकते थे।
साजिश थी सुनियोजित और खतरनाक
सिर्फ पत्थर और एंगल भरना ही नहीं, ट्रैक की अर्थ लाइन को भी क्षतिग्रस्त करने की कोशिश की गई थी, जिससे ट्रेन का संतुलन पूरी तरह बिगड़ जाए और वह पलट जाए। यह घटना बरेली-पीलीभीत रेलखंड के दोहना और भोजीपुरा स्टेशनों के बीच घटी, जो थाना भोजीपुरा क्षेत्र में आता है।
तुरंत शुरू हुई जांच
घटना की जानकारी मिलते ही जीआरपी, आरपीएफ और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और रेलवे इंजीनियरों के साथ ट्रैक की गहन जांच की गई। वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके का मुआयना किया। इस बीच रेलवे ने इस पूरे घटनाक्रम की जांच आरपीएफ को सौंप दी है, जबकि पुलिस ने भोजीपुरा थाने में एफआईआर दर्ज कर साजिशकर्ताओं की तलाश शुरू कर दी है।
क्षेत्राधिकारी हाईवे नीलेश मिश्र ने बताया कि इस पूरे मामले में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पहले भी हो चुकी हैं घटनाएं
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, बरेली और आसपास के रेलखंडों में पूर्व में भी इस प्रकार की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। कहीं पटरी काटने की कोशिश, तो कहीं ट्रैक पर पत्थर और अन्य बाधाएं डालने की घटनाएं। अब पुलिस सभी घटनाओं को जोड़कर सुनियोजित साजिश की संभावना पर जांच कर रही है। रेलवे ने इस घटना के बाद सुरक्षा के मद्देनज़र रात्रि पेट्रोलिंग और ट्रैक निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।
Bottom of Form