मुख्यमंत्री योगी के लिए दूसरा विमान आगरा भेजा गया, लखनऊ रवाना
आगरा। मुख्यमंत्री को लेकर आगरा से लखनऊ जा रहे उत्तर प्रदेश सरकार के विमान में आई खराबी के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दूसरे विमान से लखनऊ रवाना हो गये हैं।
आगरा में दो कार्यक्रमों में भाग लेने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगरा के खेरिया एयरपोर्ट से लखनऊ के लिए उड़ान भरी थी। मुख्यमंत्री स्टेट प्लेन में थे। उड़ान भरने के 15-20 मिनट बाद ही प्लेन में कुछ खराबी आने पर पायलटों ने प्लेन को फिर से खेरिया एयरपोर्ट पर उतार लिया था।
प्लेन में खराबी की सूचना मिलने पर आगरा से लखनऊ तक खलबली मच गई थी। उधर खेरिया एयरपोर्ट पर स्टेट प्लेन के लैंड करने के बाद मुख्यमंत्री एयरपोर्ट के लाउंज में बैठकर इंतजार कर रहे थे।
लखनऊ स्तर से आनन-फानन में मुख्यमंत्री योगी के लिए दूसरे विमान का इंतजाम कराया गया। दिल्ली से आये दूसरे प्लेन के खेरिया हवाई अड्डे पहुंचते ही मुख्यमंत्री उससे लखनऊ के लिए प्रस्थान कर गये। स्टेट प्लेन में खराबी के कारण मुख्यमंत्री को 40 मिनट एयरपोर्ट पर इंतजार करना पड़ा।
मुख्यमंत्री के विमान में खराबी आने और फिर से एयरपोर्ट पर लैंड करने की सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन के आला अफसरों ने फिर से एयरपोर्ट की ओर दौड़ लगा दी थी।