धर्म परिवर्तन और लव जिहाद पर आर्ष विद्या समाजम का सांसद नवीन जैन से संवाद, केरल से यूपी तक बढ़ती चिंताओं पर मांगा ठोस सहयोग

धर्म परिवर्तन और लव जिहाद जैसे संवेदनशील मुद्दों को लेकर आर्ष विद्या समाजम के प्रतिनिधिमंडल ने रविवार को राज्यसभा सांसद नवीन जैन से मुलाकात कर विस्तार से चर्चा की। प्रतिनिधियों ने देश के विभिन्न हिस्सों, खासकर केरल में हालात को लेकर चिंता जताते हुए उत्तर प्रदेश में संस्था के विस्तार के लिए सहयोग मांगा।

Mar 21, 2026 - 19:04
 0
धर्म परिवर्तन और लव जिहाद पर आर्ष विद्या समाजम का सांसद नवीन जैन से संवाद, केरल से यूपी तक बढ़ती चिंताओं पर मांगा ठोस सहयोग
सांसद नवीन जैन के साथ आर्ष विद्या समाजम का प्रतिनिधिमंडल।

आगरा। आर्ष विद्या समाजम के प्रतिनिधिमंडल ने रविवार को शास्त्रीपुरम स्थित राज्यसभा सांसद नवीन जैन के निवास पर उनसे शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल में शामिल शांति कृष्णा, वैशाली शेट्टी और रितेश ने धर्म परिवर्तन, लव जिहाद और समाज में उत्पन्न हो रही चुनौतियों से जुड़े मुद्दों को विस्तार से रखा।

प्रतिनिधियों ने बताया कि उनकी संस्था देशभर में उन लोगों को पुनः सनातन धर्म में वापस लाने का कार्य कर रही है, जो किसी कारणवश धर्म परिवर्तन कर चुके हैं। संस्था का उद्देश्य केवल धार्मिक पुनर्स्थापना ही नहीं, बल्कि समाज में जागरूकता और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करना भी है।

बैठक के दौरान केरल की स्थिति पर विशेष चर्चा हुई। प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि वहां वामपंथी सरकार के चलते हिंदू समाज स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि लव जिहाद के माध्यम से युवतियों को बहला-फुसलाकर उनका धर्म परिवर्तन कराया जाता है, जिसके बाद उन्हें कई प्रकार की प्रताड़नाओं का सामना करना पड़ता है।

प्रतिनिधिमंडल ने यह भी दावा किया कि उनकी संस्था से जुड़ी कुछ पीड़ित महिलाओं की कहानियां फिल्म द केरल स्टोरी से भी संबंधित रही हैं। उन्होंने कहा कि अब ये महिलाएं स्वयं समाज में जागरूकता फैलाने का कार्य कर रही हैं।

संस्था के कार्यों की जानकारी देते हुए प्रतिनिधियों ने बताया कि आर्ष विद्या समाजम द्वारा आध्यात्मिक और सांस्कृतिक प्रशिक्षण, योग, काउंसलिंग और जागरूकता अभियान संचालित किए जाते हैं। वर्तमान में संस्था महाराष्ट्र, दिल्ली, पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में सक्रिय है तथा अब उत्तर प्रदेश में विस्तार की योजना है।

इस पर सांसद नवीन जैन ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि वे इस विषय को गंभीरता से लेते हुए जल्द ही प्रदेश के मुख्यमंत्री से मुलाकात करेंगे और संस्था को हर संभव सहयोग दिलाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार में सभी वर्गों की सुरक्षा सर्वोपरि है, जबकि पूर्ववर्ती सरकारों पर उन्होंने जातिवाद और धर्मवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाया।

बैठक में यह भी सामने आया कि प्रतिनिधिमंडल में शामिल कुछ महिलाएं स्वयं इस तरह की घटनाओं की पीड़ित रह चुकी हैं और अब समाज में जागरूकता लाने के लिए सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।

Top of Form

SP_Singh AURGURU Editor