अभिजीत, सौरव, आशुतोष हिरासत में, अज्ञात स्थान पर ले गई पुलिस, यूट्यूबर ध्रुव राठी भी हिरासत में
कॉकरोच जनता पार्टी के नेता और संस्थापक अभिजीत दीपके को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। अब पुलिस उनको कहां लेकर गई है, इसकी जानकारी नहीं दी गई है। दिल्ली के जंतर मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रदर्शन से पहले यूट्यूबर ध्रुप राठी को हिरासत में ले लिया गया है। उन्होंने सीजेपी के प्रदर्शन को समर्थन देने का ऐलान किया था।
नई दिल्ली। भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने आ रहे कॉकरोच जनता पार्टी के नेता अभिजीत दीपके, सौरभ दास और आशुतोष रांका को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया। इसके बाद दिल्ली पुलिस तीनों नेताओं को बस में बैठाकर अपने साथ ले गई। इस दौरान दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे। पुलिस तीनों को गेट नंबर 9 से लेकर निकली।
सूत्रों के मुताबिक, तीनों को हवाई जहाज के भीतर से ही हिरासत में लिया गया। सूत्रों के मुताबिक, अभिजीत दीपके, सौरभ दास और आशुतोष रांका को रात तक पुलिस हिरासत में रखा जाएगा। आगे के आदेश आने तक तीनों हिरासत में रहेंगे। सूत्रों के अनुसार, उनकी लोकेशन की जानकारी किसी को नहीं दी जाएगी।
दीपके ने इस संबंध में अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो भी साझा किया है। अभिजीत दीपके ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट किए गए वीडियो में दिखाया कि विमान के दिल्ली में उतरने के बाद दिल्ली पुलिस पहले से ही उनके इंतजार में खड़ी थी।
इसके बाद पुलिस ने तीनों नेताओं को हिरासत में ले लिया। इस घटनाक्रम के बीच कॉकरोच जनता पार्टी की लीगल टीम की प्रमुख रत्ना सिंह ने भी हिरासत में लिए जाने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया है, लेकिन इसकी वजह नहीं बताई गई है।
सीजेपी के नेता मुंबई से दिल्ली पहुंचे थे। पार्टी ने इस कार्रवाई को बेरोकटोक आवाजाही की स्वतंत्रता का उल्लंघन बताते हुए तीनों नेताओं को तत्काल और बिना किसी शर्त के रिहा करने की मांग की।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की आड़ में मतदाता सूचियों में गड़बड़ी करने और मतदाता पंजीकरण के दस्तावेज ‘फॉर्म 6’ में बदलाव के लिए दो सहयोगी निर्वाचन आयुक्तों की आपत्ति को दरकिनार करने के आरोप लग रहे हैं। इसी मुद्दे को लेकर सीजेपी ने विरोध-प्रदर्शन का आह्वान किया है।
यूट्यूबर ध्रुव राठी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। ध्रुव राठी के घर पर दिल्ली और गुरुग्राम पुलिस के करीब 30 से ज्यादा जवान पहुंचे और हिरासत में ले लिया। फिलहाल ध्रुव राठी के साथ-साथ किन-किन को हिरासत में लिया गया है। यह अभी तक साफ नहीं है।
पुलिस प्रवक्ता ने कहा कि ध्रुव राठी को पुलिस ने डिटेन किया है। ध्रुव राठी हाल ही में भारत आए हैं। वो आठ अक्टूबर को बेंगलुरु के फ्रीडम पार्क में सीजेपी की सभा में पहुंचे थे। यहां उन्होंने स्पीच दी. सीजेपी ने ये प्रदर्शन मुख्य चुनाव आयुक्त (ज्ञानेश कुमार) के इस्तीफे की मांग को लेकर किया था।