आगरा में एबीवीपी कार्यकर्ताओं का बाराबंकी मुद्दे पर प्रदर्शन, कलेक्ट्रेट घेराव, एमजी रोड जाम
आगरा। बाराबंकी में एबीवीपी कार्यकर्ताओं पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में गुरुवार को आगरा के एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। भारी बारिश के बावजूद छात्र-छात्राओं ने कलेक्ट्रेट पर पहुंचकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और सड़क पर लेटकर विरोध दर्ज कराया।
सुभाष पार्क से पैदल मार्च, जाम से लोग परेशान
एबीवीपी कार्यकर्ता सुभाष पार्क से पैदल मार्च करते हुए नारेबाजी करते हुए जिला मुख्यालय पहुंचे। वहां पहुंचकर उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल उठाए और जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन के चलते एमजी रोड पर लंबा जाम लग गया। करीब दो घंटे तक लोग यातायात जाम में फंसे रहे। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाने का प्रयास किया, लेकिन कार्यकर्ता नहीं माने।
ज्ञापन सौंपकर की कार्रवाई की मांग
एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने डीसीपी सिटी सोनम कुमार को ज्ञापन सौंपा। इसमें मांग की गई कि बाराबंकी में छात्रों पर लाठीचार्ज करने वाले पुलिस अधिकारियों और कॉलेज प्रशासन पर कड़ी कार्रवाई की जाए। ज्ञापन लेने के बाद डीसीपी ने कार्यकर्ताओं को समझा-बुझाकर सड़क से हटवाया और जाम खुलवाया गया।
प्रदर्शन में इनकी रही मौजूदगी
प्रदर्शन में विभाग संगठन मंत्री रजत जोशी, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य शुभम कश्यप, प्रांत मीडिया संयोजक सुमित शर्मा, कर्मवीर बघेल, दीपक कश्यप, आकाश शर्मा, उमंग तिवारी, रोनित, पीयूष, लक्की, शौर्य, मनीष, टीना, ईशा, प्रीति, अक्षत, नितिन, गोविंद, रचित, विवेक, आशीष, वेद, तरुण, सागर सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता शामिल रहे।