घने कोहरे में हादसाः बरेली में हाईवे पर ट्रक की टक्कर से दो युवकों की मौत, एक गंभीर घायल

घने कोहरे और तेज रफ्तार ने शनिवार रात बरेली-पीलीभीत हाईवे पर दो परिवारों की खुशियाँ छीन लीं। सिथरा गांव के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

Dec 21, 2025 - 18:45
 0
घने कोहरे में हादसाः बरेली में हाईवे पर ट्रक की टक्कर से दो युवकों की मौत, एक गंभीर घायल

-रमेश कुमार सिंह-

बरेली। शनिवार-रविवार की रात घने कोहरे के चलते बरेली-पीलीभीत हाईवे पर थाना हाफिजगंज क्षेत्र के सिथरा गांव के पास भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें दो युवकों की मौत हो गई जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया।  पीलीभीत जिले के थाना जहानाबाद क्षेत्र के अजीतडांडी गांव निवासी 31 वर्षीय प्रेमपाल, 17 वर्षीय सुनील कुमार और 18 वर्षीय गोपाल बरेली में पुताई का काम करते थे। तीनों युवक रात में काम समाप्त कर एक ही बाइक से अपने गांव लौट रहे थे।

देर रात जैसे ही वे सिथरा गांव के पास पहुंचे, नवाबगंज की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने घने कोहरे के बीच उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सड़क से दूर जा गिरी और तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में प्रेमपाल और सुनील कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गोपाल गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही थाना हाफिजगंज पुलिस मौके पर पहुंची और घायल गोपाल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नवाबगंज भिजवाया गया। चिकित्सकों ने उसकी हालत नाजुक बताते हुए जिला अस्पताल बरेली रेफर कर दिया। बाद में परिजन उसे बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल ले गए, जहाँ उसका इलाज जारी है।

पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। रविवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए, जिसके बाद गांव में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। थाना प्रभारी हाफिजगंज प्रवीण सोलंकी ने बताया कि ट्रक और चालक की तलाश की जा रही है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच कर रही है।

यह दर्दनाक हादसा एक बार फिर घने कोहरे में तेज रफ्तार और लापरवाह वाहन चालकों के खतरों को उजागर करता है, जहाँ कुछ सेकेंड की लापरवाही ज़िंदगी भर का दर्द दे जाती है।

SP_Singh AURGURU Editor