बरेली में जन्मदिन से लौटते वक्त हादसा: टैंकर की टक्कर से मां-बेटे की मौत, पिता घायल

-आरके सिंह- बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में जन्मदिन की दावत से लौट रहे परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। भमोरा थाना क्षेत्र में सरदार नगर पुल के पास एक तेज रफ्तार टैंकर ने पीछे से बाइक में टक्कर मार दी, जिसमें मां और बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पिता गंभीर रूप से घायल हो गए।

Jun 21, 2025 - 13:34
 0
बरेली में जन्मदिन से लौटते वक्त हादसा: टैंकर की टक्कर से मां-बेटे की मौत, पिता घायल
सड़क हादसे में मृत मां-बेटे का शोक संतप्त परिवार।

अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी अंशिका वर्मा ने बताया कि यह हादसा थाना भमोरा क्षेत्र में शुक्रवार रात हुआ। थाना सीबीगंज क्षेत्र के गांव पसतौर निवासी जानकी प्रसाद अपनी पत्नी प्रीति देवी (30) और 10 वर्षीय बेटे प्रशांत राजपूत के साथ विशारतगंज क्षेत्र के गांव नूरपुर बुजुर्ग में साढ़ू के यहां जन्मदिन की दावत में शामिल होने गए थे।

दावत से लौटते वक्त जैसे ही उनका परिवार सरदार नगर पुल के पास पहुंचा, तभी एक तेज रफ्तार टैंकर ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। इस भीषण टक्कर में प्रीति देवी और प्रशांत की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि जानकी प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया गया है कि जानकी प्रसाद के दो बच्चे थे। एक बेटा और एक बेटी। इस हादसे में उनका बेटा प्रशांत उन्हें हमेशा के लिए छोड़ गया।

SP_Singh AURGURU Editor