एग्जिट पोल में दिल्ली में भाजपा सरकार
दिल्ली में 70 विधानसभा सीटों के लिए वोटिंग खत्म हो चुकी है। दिल्ली में आम आदमी पार्टी लगातार तीसरी बार सत्ता में आने के लिए मुकाबले में हैं। वहीं, बीजेपी इस बार 26 साल का सत्ता का सूखा खत्म करना चाहती है। कांग्रेस ने मुकाबले को त्रिकोणीय बना दिया है। हालांकि, एग्जिट पोल्स के नतीजे भगवा दल के लिए खुशखबरी वाले हैं।
नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए मतदान के बाद आए लगभग सभी एग्जिट पोल में बीजेपी के 26 साल से अधिक समय बाद राष्ट्रीय राजधानी की सत्ता में वापसी की संभावना जताई गई है। दिल्ली की सभी 70 विधानसभा सीट के लिए बुधवार को मतदान खत्म हो चुका है। वोटों की गिनती 8 फरवरी को होगी। चुनाव के बाद लगभग सभी चुनाव सर्वेक्षण एजेंसियों ने बीजेपी की जीत और आम आदमी पार्टी की हार का अनुमान व्यक्त किया है। अधिकतर सर्वेक्षणों में एक बार फिर संभावना जताई गई है कि कांग्रेस के लिए खाता खोलना भी मुश्किल हो सकता है।
एसएएस ग्रुप एग्जिट पोल में बीजेपी सरकार
दिल्ली चुनाव के बाद एसएएस एग्जिट पोल में बीजेपी की सरकार बनने का अनुमान है। इस एग्जिट पोल में बीजेपी को 38 से 41 सीट मिलने का अनुमान जताया गया है। वहीं, आम आदमी पार्टी सत्ता से बाहर होती दिख रही है। आप का सीटों का आंकड़ा 62 से घटकर 27 से 30 के बीच थमता नजर आ रहा है। वहीं, कांग्रेस के लिए कुछ सांत्वना दिख रही है। पार्टी को 1 से 3 सीट मिलने की बात कही गई है।
दो एग्जिट पोल में दिल्ली में फिर से चली झाड़ू
दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर दो एग्जिट में पोल में राजधानी में फिर से झाड़ू चलने की बात सामने आ रही है। वी प्रीसाइड और माइंड ब्रिंक एग्जिट पोल में आम आदमी पार्टी सत्ता विरोधी लहर को मात दे रही है। वी प्रीसाइड एग्जिट पोल में आम आदमी पार्टी को 46 से 52 सीट मिलने का अनुमान है। वहीं, माइंड ब्रिंक एग्जिट पोल के अनुसार आप 44 से 49 सीटें जीतकर फिर से सरकार बना सकती है।
डीवी रिसर्च एग्जिट पोल बीजेपी सरकार
दिल्ली चुनाव को लेकर डीवी रिसर्च एग्जिट पोल में बीजेपी सरकार बनने की बात कही गई है। इस एग्जिट पोल में बीजेपी को 36-44 मिलने का अनुमान है। वहीं, आम आदमी पार्टी को इस पोल से निराशा हाथ लगेगी। आप को 26-34 सीट मिलने की बात कही गई है। वहीं, कांग्रेस को इस एग्जिट पोल में जीरो सीट मिलने की बात कही गई है।
एग्जिट पोल नतीजों में कांग्रेस साफ
दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए मतदान खत्म हो चुका है। मतदान खत्म होने के बाद अब एग्जिट पोल के नतीजे आ चुके हैं। खास बात है कि 8 में से 6 एग्जिट पोल में बीजेपी तो 2 में आम आदमी पार्टी की सरकार बनती दिख रही है। इन एग्जिट पोल नतीजों में कांग्रेस को निराशा हाथ लगती दिख रही है। एक एग्जिट पोल को छोड़ दे तो कांग्रेस को 0 से 1 ही सीट देखने को मिल रही है। सिर्फ एक चाणक्या स्ट्रैटीज एग्जिट पोल में 2-3 सीट मिलने का अनुमान जताया गया है।
पोल डायरी एग्जिट पोल में दिल्ली में खिल रहा कमल
दिल्ली विधानसभा चुनाव के बाद पोल डायरी एग्जिट पोल के अनुसार भी दिल्ली में बीजेपी का कुर्सी का वनवास खत्म होता दिख रहा है। इस एग्जिट पोल के अनुसार बीजेपी को 42 से 50 सीट मिलने का अनुमान है। वहीं, आम आदमी पार्टी 18 से 25 सीट तक सिमटती दिख रही है। हालांकि, कांग्रेस को 0-2 सीट मिलने का अनुमान है।
माइंड ब्रिंक में भी आप सरकार
दिल्ली विधासभा चुनाव में वोटिंग के बाद माइंड ब्रिंक के एग्जिट पोल में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने का अनुमान है। आप को एग्जिट पोल में 44 से 49 सीट मिलने का अनुमान है। वहीं, बीजेपी को 21 से 25 सीट मिलने की बात कही जा रही है। इस एग्जिट पोल में कांग्रेस को 0 से 1 सीट मिलने की उम्मीद है।
महाएग्जिट पोल : किस दल को कितनी सीट देख लीजिए
दिल्ली चुनाव को लेकर अधिकांश एग्जिट पोल में बीजेपी की सरकार बनने का अनुमान हैं। वहीं, सिर्फ एक एग्जिट पोल में आम आदमी पार्टी सत्ता में वापसी करती दिख रही है।
वीप्रीसाइड एग्जिट पोल में आप की वापसी, बीजेपी को कितनी सीट
दिल्ली विधानसभा चुनाव में एक ऐसा एग्जिट पोल है जिसमें आम आदमी पार्टी सत्ता में वापसी करती दिख रही है। WeePreside एग्जिट पोल के अनुसार आम आदमी पार्टी की सत्ता में वापसी दिख रही है। इस एग्जिट पोल में आम आदमी पार्टी को 46 से 52 सीट मिलने का अनुमान है। वहीं, बीजेपी को 18 से 23 सीट मिलने की बात कही गई है। कांग्रेस को 1 सीट मिलने का अनुमान है।
पीपल्स पल्स एग्जिट पोल में बीजेपी का तूफान
दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर पीपल्स पल्स एग्जिट पोल में बीजेपी को बंपर बहुमत मिलने का अनुमान है। पीपल्स पल्स पोल के अनुसार बीजेपी को 51 से 60 सीट मिलने की बात कही जा रही है। ऐसे में आप का सूपड़ा साफ होता दिख रहा है। इस एग्जिट पोल में आम आदमी पार्टी को 10 से 19 सीट मिलने का अनुमान है। खास बात है कि इस एग्जिट पोल में कांग्रेस और अन्य को कोई सीट नहीं मिल रही है।
चाणक्या एग्जिट पोल में बीजेपी की सरकार
दिल्ली विधानसभा में चाणक्या एग्जिट पोल में भी बीजेपी की सरकार बनने का अनुमान है। चाणक्या एग्जिट पोल के अनुसार बीजेपी को 39-44 सीट मिलने का अनुमान है। वहीं, आप को 25 से 28 सीट मिलने का अनुमान है। वहीं, कांग्रेस को 2 से 3 सीट मिल सकती है।
मार्क्स में बीजेपी सरकार, बीजेपी को 39-49 सीट
पी-मार्क के एग्जिट पोल में इस बार बीजेपी की सरकार बनने का अनुमान है। इस एग्जिट पोल में इस बार बीजेपी को बड़ा बहुमत मिलने का अनुमान है। इस एग्जिट पोल के अनुसार बीजेपी को 39 से 49 सीट मिल सकती है। वहीं, आम आदमी पार्टी को 21 से 31 सीट मिलने का अनुमान है। वहीं, कांग्रेस के खाते में सिर्फ 1 सीट मिलने की बात कही गई है।
जेवीसी एग्जिट पोल में बीजेपी सरकार
जेवीसी एग्जिट पोल में इस बार बीजेपी की सरकार बनने की बात कही गई है। एग्जिट पोल के अनुसार बीजेपी को इस बार 39 से 45 सीट मिल सकती है। वहीं, आम आदमी पार्टी को 22 से 31 सीट आने का अनुमान है। एग्जिट पोल में कांग्रेस को 0-2 सीट देखने को मिल रही है। वहीं, एक सीट अन्य के खाते में जा सकती है।
आप, बीजेपी में कांटे की टक्कर
दिल्ली विधानसभा की 70 सीटों के लिए वोटिंग खत्म होने के बाद एग्जिट पोल के नतीजे आ चुके हैं। दिल्ली चुनाव में इस बार कांटें का मुकाबला है। मैट्राइज के एग्जिट पोल के अनुसार आम आदमी पार्टी को 32 से 37 सीट मिलने का अनुमान है। वहीं, बीजेपी को 35 से 40 फीसदी वोट मिलने की बात कही गई है। कांग्रेस को 0 से 1 सीट मिलने का अनुमान है। बीजेपी को 46 फीसदी वोट मिलने की बात कही गई है। वहीं, आम आदमी पार्टी को 44 फीसदी वोट मिलने का अनुमान है।