प्रेमजाल में फंसाकर युवती को भगा ले जाने का आरोपी गिरफतार, युवती भी सकुशल बरामद
आगरा। थाना शमसाबाद पुलिस ने एक एक मामले का पर्दाफाश करते हुए तिबरिया चौराहे से उस अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है, जो बीते 10 मार्च 2026 को एक युवती को बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा ले गया था। पुलिस ने सटीक सूचना तंत्र के जरिए न केवल आरोपी को दबोच लिया, बल्कि भगाकर ले जाई गई युवती को भी सकुशल बरामद कर लिया गया है।
बताया गया है कि युवती की मां ने अपनी बेटी के अचानक लापता होने के बाद थाना शमसाबाद में आरोपी के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया था। शिकायत में स्पष्ट आरोप लगाया गया था कि गांव का ही रहने वाला युवक रामबरन उसकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है।
पुलिस को बुधवार को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि आरोपी रामबरन तिबरिया चौराहे के पास मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मौके पर दबिश दी और अभियुक्त को मौके से ही धर दबोचा। साथ ही युवती को भी आरोपी के कब्जे से बरामद कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रामबरन पुत्र आशाराम के रूप में हुई है, जो थाना शमसाबाद क्षेत्र के कटैला गांव का निवासी है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है और युवती को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।