ट्रैक्टर प्रकरणों पर एक्शन तय: पुलिस कमिश्नर और डीएम ने भाकियू को दिया भरोसा
आगरा। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के जिलाध्यक्ष राजवीर लवानिया के नेतृत्व में गुरुवार को संगठन का प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी आगरा अरविंद मलप्पा बंगारी और पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने तहसील स्तर पर समय पर पुलिस फोर्स उपलब्ध न होने की समस्या के साथ-साथ किसानों के ट्रैक्टर हड़पने के गंभीर मामलों पर विस्तृत ज्ञापन सौंपा।
जिलाध्यक्ष राजवीर लवानिया ने बताया कि जनपद की सभी तहसीलों में उप-जिलाधिकारी और तहसीलदार जब किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए कार्यवाही करना चाहते हैं, तो पुलिस फोर्स समय पर उपलब्ध नहीं होती। इसका लाभ अक्सर विरोधी पक्ष उठाता है और किसान अपने वैध कार्यों से वंचित रह जाते हैं। विशेष रूप से बमरौली कटारा क्षेत्र के किसानों से नए ट्रैक्टर छलपूर्वक हड़पने के प्रकरण पर प्रतिनिधिमंडल ने चिंता जताई। उन्होंने कहा कि पाँच ट्रैक्टर बरामद हो चुके हैं, लेकिन शेष की बरामदगी लंबित है, जिससे किसान आर्थिक संकट में हैं।
इस पर पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार ने आश्वासन दिया कि किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि 28 अगस्त तक सभी ट्रैक्टर प्रकरणों का समाधान और कार्यवाही सुनिश्चित कर दी जाएगी।
इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल में जिला प्रवक्ता नत्थू सिंह धाकरे, महिला प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष सावित्री चाहर, तहसील अध्यक्ष रणजीत सिंह यादव, अभिषेक तरोलिया, करुआ यादव, महिपाल सिंह यादव, गोपाल सिंह और शिवदयाल सिंह सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।