एडीए ने नक्शे पर रेन वाटर हार्वेस्टिंग और बाह्य विकास शुल्क बढ़ाया
आगरा। एडीए से स्वीकृत होने वाले मानचित्रों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग के लिए अब प्राधिकरण एक हजार वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्रफल वाले भूखंडों पर दस लाख, 300 से 500 वर्गमीटर के भूखंड पर 337500 और 500 से लेकर 1000 वर्ग मीटर के भूखंड पर छह लाख रुपये जमा कराएगा। साथ ही रायपुर और रहनकला के किसानों को प्रतिकर के भुगतान किए जाने की प्रक्रिया जल्द शुरू करने का निर्णय लिया गया है।
-आगरा विकास प्राधिकरण का 1757 करोड़ आय और 1140 करोड व्यय का बजट पारित
मंडलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई आगरा विकास प्राधिकरण की बोर्ड बैठक में ये निर्णय लिए गए। बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए 1757.60 करोड़ रुपये आय और 1140.75 करोड़ रुपये व्यय के बजट को बोर्ड की मंज़ूरी मिल गई। मंडलायुक्त ने वर्तमान वित्तीय वर्ष में प्राप्ति के लक्ष्य से काफ़ी पीछे रहने पर असंतोष व्यक्त करते हुए माह के अंत तक आय प्राप्ति में तेजी लाने के निर्देश दिए।
एडीए हाइट्स में पहले आओ-पहले पाओ पर आवंटन
बैठक में ताजनगरी द्वितीय चरण स्थित एडीए हाईट्स परियोजना के अन्तर्गत रिक्त समस्त फ्लैटों को प्रथम आवत-प्रथम पावत के तहत विक्रय/आवंटन किए जाने के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की गयी। साथ ही एडीए द्वारा आंवटित ईडब्ल्यूएस भवनों को 50 प्रतिशत धनराशि जमा करने के उपरान्त भवन का भौतिक कब्जा दिए जाने के संबंध में प्रस्तुत प्रस्ताव को भी हरी झंडी मिल गई।
बोर्ड ने बाह्य विकास शुल्क दरों में कॉस्ट इंडेक्स के आधार पर प्रति वर्ग मीटर पर लगभग 102 रूपये की वृद्धि करने के प्रस्ताव को मंज़ूरी दे दी है।
इनर रिंग रोड पर ट्रक ले बाय एनएचएआई बनाएगा
बैठक में एडीए द्वारा निर्मित इनर रिंग रोड़ द्वितीय चरण पर आवश्यक सुविधाएं प्रदान करने हेतु ट्रक ले बाय बनाये जाने का प्रस्ताव रखा गया। इस परियोजना में व्यय होने वाली समस्त धनराशि का भुगतान एनएचएआई द्वारा किया जाएगा। बैठक में मौजूद एनएचएआई अधिकारी से परिचर्चा करने के उपरांत प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की गयी।
पेट्रोल पंप के लिए भूखंड के मानकों में संशोधन
प्राधिकरण बोर्ड ने भवन निर्माण एवं विकास उपविधि-2008 (यथा संशोधित) में नगरीय क्षेत्रों में पेट्रोल पम्प/फ्यूल स्टेशन स्थापित करने के लिए (भूखण्ड का आकार) मानकों में संशोधन के सम्बन्ध में प्रस्तुत किए गये प्रस्ताव को भी स्वीकृति प्रदान कर दी।
होटलों के लिए रोड की चौड़ाई परिवर्तित की गई
भवन निर्माण एवं विकास उपविधि-2008 (यथा संशोधित-2023) के (होटल निर्माण हेतु अपेक्षाएं) से सम्बन्धित अध्याय-5 में संशोधन से संबंधित प्रस्ताव को भी स्वीकृति मिल गई। आवासीय क्षेत्रों में 20 कमरों तक के होटल के लिए पहुंच मार्ग की न्यूनतम चौड़ाई 9 मीटर, 20 कमरों से अधिक हेतु 12 मीटर जबकि गैर आवासीय क्षेत्रों में सभी प्रकार के होटल के लिए मार्ग की न्यूनतम चौड़ाई 12 मीटर होगी।
रायपुर-रहनकलां के किसानों को मुआवजा जल्द
इसके अलावा 100 मीटर चौड़ी इनर रिंग रोड़ एवं लैण्ड पार्सल योजना हेतु स्वीकृत धनराशि में से ग्राम रायपुर और रहनकलां में प्रतिकर के भुगतान किए जाने के सम्बन्ध में विशेष प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया। विस्तृत चर्चा के बाद मण्डलायुक्त ने प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान करते हुए निर्देश दिए कि रायपुर और रहनकलां के किसानों को प्रतिकर के भुगतान किए जाने की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाए।
बैठक में विगत बोर्ड बैठक में लिए गये निर्णयों की अनुपालन आख्या पर चर्चा भी की गयी। ताजनगरी प्रथम चरण शहीद नगर, इंदिरापुरम एवं नेहरू एन्कलेव योजना के जलापूर्ति को हस्तान्तरण किए जाने को लेकर निर्देश दिए कि अगली बोर्ड बैठक से पूर्व हस्तान्तरण की प्रक्रिया पूरी की जाए अन्यथा संबंधित की जिम्मेदारी तय होगी।
पथकर दरों के लिए शासन को अनुस्मारक भेजेंगे
एडीए द्वारा ताजमहल, आगरा किला, सिकन्दरा, एत्मादुद्दौला और फतेहपुरसीकरी पर लिए जा रहे पथकर की दरों में वृद्धि हेतु शासन में भेजे गए पत्र का कोई जबाव न आने पर अनुस्मारक पत्र भेजने के निर्देश दिए गए। अर्बन सीलिंग में एडीए एवं राजस्व टीम द्वारा संयुक्त रूप कार्यवाही करते हुए सभी रिक्त भूमि पर कब्जा लेने तथा बोर्ड लगाए जाने के निर्देश दिए।
शमन शुल्क (समाधान) एवं वांछित एनओसी की अद्यतन स्थिति की जानकारी हेतु विगत बैठक में सॊफ्टवेयर तैयार करने के दिए गये निर्देश के अनुपालन में अवगत कराया कि सॊफ्टवेयर तैयार कर लिया गया है। संबंधित अधिकारियों की आईडी जनरेट होते ही एक्टिव कर दिया जाएगा।
ककुआ-भांडई आवासीय योजना मई में लांच होगी
बैठक में बताया गया कि ककुआ भांडई में 138 हेक्टेयर में से लगभग 132 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण किया जा चुका है। आयुक्त ने निर्देश दिए कि इसी माह में पूरी भूमि क्रय की कार्यवाही की जाए। एडीए उपाध्यक्ष ने कहा कि ककुआ-भांडई योजना को मई माह में लॊन्च करने की तैयारी है।
शास्त्रीपुरम हाइट्स के फ्लैट एजेंसी बेचेगी
बैठक में तय किया गया कि जूता मण्डी प्रकरण में शासन स्तर पर होने वाली बैठक के उपरान्त ही कार्यवाही की जाएगी। ग्यारह सीढ़ी पार्क में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित कराये जाने के निर्देश दिए गए। बैठक में बताया गया कि शास्त्रीपुरम हाईट्स परियोजना के टू, थ्री एवं फोर बीएचके फ्लैट की बिक्री हेतु एजेंसी का चयन कर लिया गया है। आयुक्त ने लक्ष्य निर्धारित कर जल्द बिक्री शुरू किए जाने के निर्देश दिए।
प्रवर्तन टीमों को सक्रिय करने के निर्देश
प्राधिकरण द्वारा अवैध निर्माणों के खिलाफ की गयी कार्यवाही का विवरण प्रस्तुत किया गया। आयुक्त द्वारा निर्देश दिए गये कि प्रवर्तन टीम क्षेत्रों में लगातार दौरा कर होने वाले अवैध निर्माणों को चिन्हित कर कार्यवाही करें। अवैध निर्माण पूरा हो जाने का इंतजार न करें। वहीं सील प्रकरणों में प्रभावी कार्यवाही करते हुए अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया जाए।
बोर्ड बैठक में जिलाधिकारी अरविंद मलप्पा बंगारी, एडीए उपाध्यक्ष श्रीमती एम अरुणमौली, सचिव श्रीमती श्रद्धा शांडिल्यायन, अपर नगर आयुक्त सुरेंद्र प्रसाद यादव, वित्त नियंत्रक श्रीमती रीता सचान, संयुक्त नियोजक श्रीमती स्मिता निगम, अधीक्षण अभियंता आवास एवं विकास परिषद अतुल कुमार सिंह, गैर सरकारी सदस्य नागेंद्र दुबे गामा आदि मौजूद रहे।