बटेश्वर में आबादी भूमि पर की गई बाउंड्री प्रशासन ने ढहाई, भारी पुलिस बल की मौजूदगी में चला बुलडोज़र
बटेश्वर (आगरा)। बटेश्वर तीर्थधाम क्षेत्र में आबादी की भूमि पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ शनिवार को प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की। एसडीएम हेमंत कुमार बिंद के नेतृत्व में टीम ने जेसीबी मशीन की मदद से अवैध बाउंड्री को ध्वस्त कर दिया।
यह बाउंड्री उस ज़मीन पर बनाई गई थी जो राजस्व अभिलेखों में आबादी क्षेत्र के रूप में दर्ज है। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद प्रशासन ने इस पर एक्शन लिया।
कार्रवाई के दौरान एसडीएम हेमंत कुमार बिंद, तहसीलदार आशीष त्रिपाठी, नायब तहसीलदार दयानंद, राजस्व निरीक्षक रामनिवास, लेखपाल कार्तिक और सतेंद्र उपाध्याय मौजूद रहे। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी।
एसडीएम हेमंत कुमार बिंद ने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि या आबादी क्षेत्र में अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।
हालांकि, कुछ स्थानीय निवासियों ने प्रशासन की इस कार्यवाही पर विरोध भी जताया, मगर अधिकारी इसे पूरी तरह वैधानिक और सार्वजनिक हित में बता रहे हैं।