आगरा कॉलेज में परास्नातक सत्र 2025-26 की प्रवेश प्रक्रिया शुरू, मेरिट सूची व काउंसलिंग तिथियां घोषित

आगरा। आगरा कॉलेज, आगरा में एम.ए./एम.एससी./एम.कॉम. सत्र 2025-26 के लिए परास्नातक कक्षाओं में प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। प्राचार्य प्रोफेसर सी. के. गौतम के निर्देशन में प्रवेश प्रक्रिया को विभागवार मेरिट सूची और काउंसलिंग कार्यक्रम के माध्यम से पारदर्शी तरीके से संचालित किया जा रहा है।

Jul 22, 2025 - 18:10
 0
आगरा कॉलेज में परास्नातक सत्र 2025-26 की प्रवेश प्रक्रिया शुरू, मेरिट सूची व काउंसलिंग तिथियां घोषित

गणित विभाग ने जारी की मेरिट सूची, कटऑफ अंक घोषित

गणित विभागाध्यक्ष प्रो. आर. के. श्रीवास्तव के अनुसार, एम.ए./एम.एससी. (गणित) की मेरिट सूची घोषित कर दी गई है। सामान्य वर्ग का कट-ऑफ 65.00 अंक, ओबीसी वर्ग का 51.28 अंक तथा अनुसूचित जाति वर्ग का 49.78 अंक निर्धारित किया गया है। प्रतीक्षा सूची के सामान्य वर्ग में न्यूनतम अंक 53.00 है। एम.ए. (पूर्वार्द्ध) गणित के लिए कट-ऑफ 73.00 अंक रहा है। काउंसलिंग 24 जुलाई 2025 को विभाग में आयोजित की जाएगी।

23 जुलाई को होगी एम.एससी. (भौतिक विज्ञान) की काउंसलिंग

भौतिक विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. डी. वी. सिंह ने बताया कि एम.एससी. प्रथम वर्ष (भौतिक विज्ञान) में प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थियों को 23 जुलाई 2025 को प्रातः 11:00 बजे से 2:00 बजे तक अपने मूल प्रमाणपत्रों सहित विभाग में उपस्थित होना आवश्यक है।

25 जुलाई को दो विभागों में काउंसलिंग

चित्रकला विभाग की प्रभारी डॉ. मनीषा दोहरे ने बताया कि एम.ए. (चित्रकला) में प्रवेश के इच्छुक छात्र-छात्राएं 25 जुलाई 2025 को पूर्वाह्न 11:00 बजे विभाग में उपस्थित हों।
इसी दिन वाणिज्य विभागाध्यक्ष डॉ. एस. ओ. अश्वनी शर्मा के अनुसार एम.कॉम. (प्रथम वर्ष) हेतु सभी पात्र अभ्यर्थियों को मूल प्रमाणपत्रों सहित वाणिज्य विभाग में उपस्थित होना होगा। प्रवेश मेरिट के आधार पर व सीटों की उपलब्धता के अनुसार प्रदान किया जाएगा।

26 जुलाई को एम.ए. (अर्थशास्त्र) काउंसलिंग

अर्थशास्त्र विभागाध्यक्ष प्रो. दीपा रावत ने बताया कि एम.ए. (अर्थशास्त्र) में प्रवेश की काउंसलिंग 26 जुलाई 2025 को प्रातः 11:00 बजे आयोजित होगी। सभी इच्छुक अभ्यर्थियों को अपने समस्त शैक्षणिक दस्तावेजों के साथ उपस्थित रहना होगा।

अभ्यर्थियों के लिए जरूरी निर्देश

प्राचार्य प्रो. सी. के. गौतम ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे समय से संबंधित विभागों में उपस्थित हों और प्रवेश प्रक्रिया को सफल बनाएं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अभ्यर्थियों को मूल शैक्षणिक प्रमाणपत्र, अंकपत्र, जाति प्रमाण पत्र (यदि लागू हो), ट्रांसफर सर्टिफिकेट (टी.सी.), भारांक पत्र एवं पासपोर्ट साइज फोटो अवश्य साथ लाना होगा।

पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण प्रवेश प्रक्रिया

मीडिया प्रभारी डॉ. गौरव कौशिक ने बताया कि आगरा कॉलेज में चल रही यह प्रवेश प्रक्रिया महाविद्यालय की शैक्षणिक प्रतिबद्धता का प्रमाण है। प्रत्येक विभाग में समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्ता आधारित प्रवेश प्रणाली से विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा। उन्होंने सभी अभ्यर्थियों से कॉलेज और विभागों द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की।

SP_Singh AURGURU Editor