त्योहारी सीजन में मिलावटखोरी करने वालों को किया गया आगाह, व्यापारी बोले- सहयोग करेंगे
आगरा। त्योहारी सीजन में खाद्य सामग्री में मिलावट की बढ़ती आशंकाओं के बीच अब प्रशासनिक सख्ती का दौर शुरू हो सकता है। इसी कड़ी में सोमवार को एक होटल में हुई एक बैठक में भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) के वरिष्ठ अधिकारियों ने शहर के प्रमुख व्यापारियों के साथ मिलकर खाद्य सुरक्षा पर रणनीतिक संवाद किया।
कुट्टू का आटा, मसाले और त्योहारी खाद्य पदार्थों पर रहेगी पैनी नजर
एफएसएसएआई के चीफी एसीएफ-II महेंद्र श्रीवास्तव और चीफ राजेश गुप्ता की अध्यक्षता में हुई इस बैठक का फोकस कुट्टू के आटे, मसालों और अन्य त्योहार-विशेष उत्पादों में मिलावट रोकने पर था। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी सूरत में नकली और मिलावटी माल को बाजार में नहीं चलने दिया जाएगा।
व्यापारियों ने दिया सहयोग का भरोसा
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल एवं दरेसी नंबर 1 व्यापार मंडल के तमाम व्यापारी बैठक में मौजूद रहे। जिलाध्यक्ष गिर्राज अग्रवाल, प्रदेश उपाध्यक्ष राजकुमार गुरनानी, किशोर बुधरानी, मेघराज दियालानी, सुनील जैन, दीपक शर्मा, निखिल मतलानी, अनुराग गोयल, राजेंद्र सिंह, पवन रजवानी, घन्नू भाई सहित कई व्यापारिक प्रतिनिधियों ने एफएसएसएआई के अधिकारियों को भरोसा दिया कि वे मिलावटखोरी के विरुद्ध विभाग का सहयोग करेंगे।
सैंपलिंग भी होगी, दोषी पर सख्त कार्रवाई
बैठक में उपस्थित एफएसओ रविंद्र सिंह परमार, राकेश कुमार, वीरेंद्र कुमार, जितेंद्र कुमार, राकेश यादव, अमिता जिज्ञासु समेत अन्य अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहारी मौसम में अचानक निरीक्षण, सैंपल कलेक्शन और त्वरित विश्लेषण अभियान चलाए जाएंगे। दोषी पाए जाने पर कार्यवाही होगी।