सदर तहसील में अधिवक्ता का बैग चोरी: साढ़े चार लाख की नकदी समेत दस्तावेज भी ले उड़ा चोर
आगरा। सदर तहसील में विगत दिवस (शनिवार को) दोपहर में एक अधिवक्ता के चैंबर से साढ़े चार लाख रुपये नकद और अहम दस्तावेजों से भरा बैग चोरी हो गया। यह घटना उस वक्त हुई जब अधिवक्ता अपने बैनामा लेखन कार्य में व्यस्त थे। दिनदहाड़े हुई इस चोरी से तहसील परिसर में खलबली मच गई।
गढ़ी गुलजारी, बिचपुरी निवासी अधिवक्ता इन्द्रपाल सिंह पुत्र महेन्द्र सिंह सदर तहसील में लंबे समय से अधिवक्ता के रूप में कार्यरत हैं। शनिवार को करीब 1:30 बजे, वे अपने चैंबर में बैनामा की प्रक्रिया में लगे थे। उसी दौरान अज्ञात चोर बड़ी चालाकी से चैंबर से उनका बैग लेकर चंपत हो गया। जब अधिवक्ता को बैग नज़र नहीं आया तो उन्होंने इधर उधर देखा, लेकिन तब तक दे हो चुकी थी। चोर मौके से फरार हो चुका था।
चोरी गए बैग में करीब 4.5 लाख रुपये नकद, दो दर्जन से अधिक बैनामा की कॉपियां, बैंक पासबुक, चेक बुक, और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे हुए थे। अधिवक्ता ने तत्काल 112 नंबर पर कॊल कर सूचना दी। मामले की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और तहसील परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने का कार्य प्रारंभ किया।
शाहगंज पुलिस ने अधिवक्ता इंद्रपाल सिंह द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है और जल्द ही चोर को पकड़ने का दावा किया जा रहा है। इस घटना ने तहसील परिसर की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अधिवक्ता समुदाय में रोष और आम लोगों में चिंता का माहौल है।