एरोड्रोम पर्यावरण प्रबंधन समिति की बैठकः गंदगी, डलावघर और आवारा जानवर हटाने के आदेश

आगरा। मण्डलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई एरोड्रोम पर्यावरण प्रबंधन समिति की बैठक में एयरपोर्ट और रेलवे ट्रैक के आसपास फैली गंदगी, अवैध डलावघर, खुले में पड़े कूड़े के ढेर, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, बर्ड एक्टिविटी, आवारा श्वान और बंदरों की समस्या पर विस्तार से चर्चा की गई।

Sep 2, 2025 - 18:26
 0
एरोड्रोम पर्यावरण प्रबंधन समिति की बैठकः गंदगी, डलावघर और आवारा जानवर हटाने के आदेश
मंगलवार को हुई एरोड्रोम पर्यावरण प्रबंधन समिति की बैठक में मौजूद मंडलायुक्त शैलेंद्र कुमार सिंह और अन्य अधिकारी।

बैठक में साफ संकेत दिए गए कि वायुयान सुरक्षा से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगा। नगर निगम, रेलवे, पंचायत और प्रशासनिक अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि तय समयसीमा में गंदगी खत्म कर साफ-सफाई और ठोस अपशिष्ट निस्तारण की ठोस व्यवस्था सुनिश्चित करें।

रेलवे ट्रैक और आसपास कॉलोनियों की गंदगी पर फटकार

बैठक में समिति के सचिव एवं स्क्वाड्रन लीडर ने अवगत कराया कि आगरा-कोटा और आगरा-जयपुर रेलवे ट्रैक पर भारी गंदगी पड़ी है। आसपास की बस्तियों के लोग ट्रैक पर लगातार कूड़ा डालते हैं। यही स्थिति शाहगंज स्थित सिद्धसाहनी नगर के पास भी है। आयुक्त ने नाराजगी जताते हुए नगर निगम को निर्देश दिए कि रेलवे ट्रैक की नियमित सफाई कराई जाए और आसपास की कॉलोनियों में डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन अनिवार्य किया जाए ताकि लोग खुले में कचरा न फेंके।

खेरिया मोड़ और धनौली-नरीपुरा में अवैध डलावघर खत्म करने का आदेश

चर्चा में सामने आया कि खेरिया मोड़ मैदान, नरीपुरा और धनौली रोड पर अवैध डलावघर बना दिए गए हैं, जहां कूड़े के ढेर लगे रहते हैं। इससे न केवल बदबू और गंदगी फैल रही है बल्कि बर्ड एक्टिविटी भी बढ़ रही है, जो एयरपोर्ट सुरक्षा के लिए खतरा है। मण्डलायुक्त ने नगर निगम को आदेश दिए कि डलावघर तत्काल खत्म किए जाएं और खेरिया मोड़ मैदान की सफाई कर बाउंड्रीवाल बनाई जाए।

गांवों में फैली गंदगी और पंचायत स्तर पर लापरवाही

बैठक में बताया गया कि सुचेता, पथौली और धनौली क्षेत्र में कूड़ा निस्तारण की उचित व्यवस्था नहीं है। पंचायत कार्यालय के पास भी लोग खुले में कचरा डाल रहे हैं। आयुक्त ने जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) को निर्देश दिए कि इन क्षेत्रों की सफाई तत्काल कराई जाए और प्रवर्तन कार्रवाई कर लोगों को खुले में कचरा डालने से रोका जाए। साथ ही डोर-टू-डोर कलेक्शन गाड़ियों का संचालन शुरू करने के आदेश दिए। डीपीआरओ ने जानकारी दी कि धनौली में वाहन उपलब्ध कराए जा चुके हैं, जबकि सुचेता ग्राम में कूड़ा उठाने के लिए दो वाहन खरीदे जाने का प्रस्ताव भेजा जा चुका है।

कुबेरपुर डंपिंग यार्ड पर विशेष ध्यान

बैठक में कुबेरपुर स्थित डंपिंग यार्ड पर बर्ड एक्टिविटी रोकने के लिए एंटी-बर्ड शेड लगाने का सुझाव दिया गया। इस पर नगरायुक्त अंकित खण्डेलवाल ने बताया कि अगले तीन माह के भीतर डंपिंग यार्ड में पड़े सभी कूड़े का निस्तारण कर साफ-सफाई पूरी कर दी जाएगी, जिसके बाद वहां बर्ड एक्टिविटी न के बराबर रह जाएगी।

एयरफोर्स स्टेशन हवाई पट्टी से श्वान और बंदर हटाने के निर्देश

वायुसेना परिसर की हवाई पट्टी क्षेत्र में आवारा श्वानों और बंदरों की समस्या पर भी चर्चा हुई। मण्डलायुक्त ने नगर निगम को निर्देश दिया कि समय-समय पर अभियान चलाकर श्वानों और बंदरों को पकड़कर विस्थापित किया जाए, ताकि उड़ान संचालन पर कोई खतरा न रहे।

बैठक में जिलाधिकारी अरविन्द मलप्पा बंगारी, नगरायुक्त अंकित खण्डेलवाल, अपर जिलाधिकारी नगर यमुनाधर चौहान, अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार, छावनी बोर्ड सीईओ दीपक मोहन, एसडीएम सदर सचिन राजपूत, जिला पंचायत अधिकारी मनीष कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor