एफमेक के पदाधिकारी बोले- ‘मीट एट आगरा’ से वैश्विक कारोबार की राह आसान, सीधे संवाद से घटेगी लागत और बढ़ेंगे कारोबारी अवसर
आगरा। नई तकनीक, कारोबारी संपर्कों और वैश्विक साझेदारी की संभावनाओं के साथ 18वें ‘मीट एट आगरा’ का सोमवार को समापन हुआ। आगरा ट्रेड सेंटर, सींगना में तीन दिनों तक चले फुटवियर ट्रेड फेयर ने आयोजकों के आकलन के अनुसार, फेयर ने लगभग 21,000 करोड़ रुपये के संभावित कारोबारी अवसरों की आधारशिला तैयार की। समापन के बाद एफमेक और आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने इसे आगरा के फुटवियर उद्योग के लिए तकनीक, सोर्सिंग, कारोबारी संपर्क और अंतरराष्ट्रीय साझेदारी के लिहाज से महत्वपूर्ण मंच बताया है।
एफमेक के अध्यक्ष गोपाल गुप्ता ने कहा कि फेयर ने आगरा के निर्यातकों और निर्माताओं को चीनी एग्जिबिटर्स से सीधे संवाद और सोर्सिंग का अवसर दिया। इससे बिचौलियों की अतिरिक्त लागत कम होने के साथ प्रतिस्पर्धी दरों पर कंपोनेंट्स, मटेरियल्स और मशीनरी मिलने की संभावना बढ़ेगी। उनके अनुसार, इससे स्थानीय निर्माताओं को वैश्विक बाजार में अपने उत्पाद बेहतर कीमतों पर बेचने में मदद मिल सकती है।
एफमेक के पूर्व अध्यक्ष कैप्टन ए.एस. राणा ने कहा कि ‘मीट एट आगरा’ में बढ़ती कारोबारी सहभागिता उद्योग के विश्वास और इस मंच की उपयोगिता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 में अधिक देशों की भागीदारी सुनिश्चित कर फेयर को और व्यापक अंतरराष्ट्रीय स्वरूप देने का प्रयास किया जाएगा।
एफमेक के उपाध्यक्ष राजेश सहगल ने कहा कि निर्माताओं और आपूर्तिकर्ताओं के बीच सीधे संवाद से उद्योग की जरूरतों को बेहतर ढंग से समझने का अवसर मिला। फेयर के दौरान विकसित संपर्क भविष्य में विश्वसनीय आपूर्ति और दीर्घकालिक कारोबारी साझेदारी का आधार बन सकते हैं।
फेयर ऑर्गनाइजिंग कमेटी की चेयरपर्सन माला खेड़ा ने कहा कि तीन दिनों में 10,115 पंजीकृत बिजनेस विजिटर्स की सहभागिता आयोजन की कारोबारी उपयोगिता को स्पष्ट करती है। उन्होंने कहा कि आयोजन के दौरान शुरू हुए संवाद आगे व्यावसायिक सहयोग और नए कारोबारी अवसरों में बदलें, यही प्रयास रहेगा।
एफमेक के महासचिव प्रदीप वासन ने कहा कि प्रदर्शकों, सहयोगियों और आयोजन टीम के समन्वय से तीन दिवसीय फेयर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रतिभागियों के अनुभव और सुझाव अगले संस्करण की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने में मार्गदर्शन देंगे।
एफमेक आगरा के सचिव अनिरुद्ध तिवारी ने कहा कि ‘मीट एट आगरा’ ने उद्यमियों को तकनीक, उत्पादों और बाजार की जरूरतों को एक साथ समझने का अवसर दिया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों और भावी उद्यमियों की सहभागिता भी उद्योग के भविष्य के लिए उत्साहजनक रही।