49 साल बाद नए अवतार में आरएसएस का माधव भवन, आगरा से ब्रजप्रांत को मिलेगी नई दिशा

आगरा के जयपुर हाउस में स्थित RSS का ब्रजप्रांत कार्यालय माधव भवन 49 साल बाद नए और आधुनिक स्वरूप में तैयार हो गया है। 1000 वर्गगज में बनी पांच मंजिला इमारत में 21 कमरे, 3 एसी हॉल, लिफ्ट, वाई-फाई, ऑटोमैटिक लाइट और आधुनिक किचिन जैसी सुविधाएँ हैं। ब्रज–राजस्थानी शैली में निर्मित इस भवन का लोकार्पण 15 जनवरी को सह सरकार्यवाह डॉ. कृष्ण गोपाल और जगतगुरु शंकराचार्य स्वामी राजराजेश्वर की उपस्थिति में होगा।

Jan 14, 2026 - 21:12
 0
49 साल बाद नए अवतार में आरएसएस का माधव भवन, आगरा से ब्रजप्रांत को मिलेगी नई दिशा
नवनिर्मित संघ कार्यालय माधव भवन।

ब्रज–राजस्थानी स्थापत्य, फाइव स्टार जैसी सुविधाएं  और अत्याधुनिक तकनीक से लैस नया माधव भवन कल  होगा लोकार्पित

आगरा। आगरा के जयपुर हाउस स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) का ब्रजप्रांत कार्यालय ‘माधव भवन’ 49 वर्षों बाद पूरी तरह नए स्वरूप में तैयार हो गया है। पुरानी जर्जर इमारत को तोड़कर बनाए गए इस भव्य भवन में परंपरा और आधुनिकता का अद्भुत संगम देखने को मिलता है।

एंट्री गेट से लेकर अंदर के हॉल तक, पूरा परिसर किसी फाइव स्टार होटल की तरह सुसज्जित है। ब्रज और राजस्थानी शैली में निर्मित पांच मंजिला भवन में चमचमाता फर्श, अत्याधुनिक किचिन, लिफ्ट, सेंट्रल एयर कंडीशन हॉल, ऑटोमैटिक लाइट सिस्टम और पूरे कैंपस में वाई-फाई की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। जैसे ही कोई व्यक्ति सीढ़ियों या हॉल में कदम रखता है, सेंसर आधारित लाइटें स्वतः जल उठती हैं।

करीब 1000 वर्गगज क्षेत्रफल में बने इस नवनिर्मित कार्यालय में कुल 21 कमरे और 3 बड़े एसी हॉल हैं, जहां संघ के स्वयंसेवकों और पदाधिकारियों की बैठकें आयोजित होंगी। हर फ्लोर पर कॉमन टॉयलेट की व्यवस्था है, जबकि अलग-अलग पदाधिकारियों के लिए पृथक कक्ष बनाए गए हैं। इसके अलावा भवन में आरओ प्लांट, 5000 लीटर क्षमता का गीजर, आधुनिक रिसेप्शन और सुरक्षित व्यवस्थाएं भी की गई हैं।

इस नवनिर्मित माधव भवन का लोकार्पण समारोह 15 जनवरी को सुबह 10 बजे आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में संघ के सह सरकार्यवाह डॉ. कृष्ण गोपाल और जगतगुरु शंकराचार्य स्वामी राजराजेश्वर की उपस्थिति रहेगी।

गौरतलब है कि RSS के ब्रजप्रांत का मुख्यालय आगरा में ही स्थित है। ब्रजप्रांत के अंतर्गत 12 जिले आते हैं, जिनमें आगरा, मथुरा, अलीगढ़, हाथरस, एटा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर और कासगंज प्रमुख हैं। यह कार्यालय प्रांत प्रचारक सहित संघ के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारियों की गतिविधियों का केंद्र रहा है।

माधव भवन का मूल निर्माण वर्ष 1977 में हुआ था, जिसका शुभारंभ तत्कालीन सरसंघचालक बाला साहेब देवरस ने किया था। दशकों तक यह भवन संघ की रणनीतिक बैठकों और गतिविधियों का केंद्र रहा, लेकिन समय के साथ भवन जर्जर हो गया और सुविधाएँ अपर्याप्त होने लगीं। इसके चलते श्रीमाधव राव गोलवलकर गुरुजी स्मारक समिति द्वारा सितंबर 2022 में नए भवन के निर्माण की शुरुआत की गई।

निर्माण अवधि के दौरान संघ का कार्यालय अस्थायी रूप से पास ही स्थित पारस पर्ल्स अपार्टमेंट के चार फ्लैटों से संचालित किया गया। अब लगभग ढाई वर्षों के निर्माण कार्य के बाद नया माधव भवन पूरी तरह तैयार है और संघ की गतिविधियाँ पुनः अपने मूल स्थान से संचालित होंगी।