झगड़े के बाद दंपति ने हाथ की नसें काट लीं, बेटे ने 112 पर कॊल किया और जीवनदूत बन गई पुलिस
आगरा शहर में बुधवार सुबह एक ऐसा मामला सामने आया, जहां अगर पुलिस समय पर न पहुंचती, तो एक परिवार का उजड़ना तय था। पति-पत्नी के बीच हुए घरेलू विवाद ने इतना गंभीर रूप ले लिया कि दोनों ने हाथ की नसें काटकर आत्महत्या का प्रयास कर डाला। लेकिन सौभाग्यवश बेटे की समय रहते की गई कॉल पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और जान बचाने का जरिया बन गई।
घटना सूर्य नगर के बसेरा इंक्लेव की है। यहां रहने वाले एक दम्पत्ति के बीच रात को किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों ने आत्मघाती कदम उठा लिया। पत्नी ने खुद की नस को काट लिया। पति ने बाथरूम में जाकर दरवाजा बंद कर लिया। पति की कलाई पर भी कट के निशान थे। आत्महत्या की कोशिश करने वाले दंपति ललित और उनकी पत्नी मीरा हैं।
इस दंपति के बेटे को अनहोनी का अंदेशा हो गया। कुछ नहीं सूझा तो उसने तत्काल डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। पीआरवी 6511 में तैनात प्रभारी नरेश कुमार और उनके चालक बेताल मौके पर कुछ ही मिनटों में पहुंच गए। घर का दृश्य देखकर दोनों सिपाही भी हिल गए। जगह-जगह खून बिखरा हुआ था। पत्नी बेहोशी की हालत में पड़ी थी और पति बाथरूम में बंद था।
पुलिसकर्मियों ने तत्काल आसपास के लोगों को बुलाया, फिर बाथरूम का दरवाजा तोड़कर पति को बाहर निकाला। दोनों की हालत नाजुक थी। तुरंत एम्बुलेंस मंगवाई गई और दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया। अब इलाज जारी है और डॉक्टरों के अनुसार, दोनों खतरे से बाहर हैं।
विवाद की वजह पति को पत्नी का बार-बार मायके कॊल करने पर आपत्ति बताई जा रही है। पति मना करता था, लेकिन पत्नी मानती नहीं थी। इसी बात पर रात में दोनों के बीच झगड़ा हुआ और आज सुबह यह घटना हो गई।
पुलिस की इस तत्परता और मानवीयता की स्थानीय लोगों ने जमकर सराहना की है। अगर कुछ मिनट की देरी हो जाती, तो इस दम्पत्ति की जान नहीं बचाई जा सकती थी।