घर पर फायरिंग के बाद दिशा पाटनी के पिता ने मांगा शस्त्र लाइसेंस, तलाश में छह पुलिस टीमें

-आरके सिंह- बरेली। बॉलीवुड अभिनेत्री दिशा पाटनी के सिविल लाइंस क्षेत्र स्थित पैतृक घर के बाहर हुई फायरिंग मामले में पुलिस अब पूरी तरह सक्रिय हो गई है। घटना के बाद से पाटनी परिवार दहशत में है। पिता एवं रिटायर्ड विजिलेंस सीओ जगदीश पाटनी ने जिलाधिकारी से परिवार की सुरक्षा के लिए शस्त्र लाइसेंस की मांग की है।

Sep 13, 2025 - 19:57
Sep 13, 2025 - 19:59
 0
घर पर फायरिंग के बाद दिशा पाटनी के पिता ने मांगा शस्त्र लाइसेंस, तलाश में छह पुलिस टीमें
अभिनेत्री दिशा पाटनी के बरेली स्थित पैतृक आवास पर हुई फायरिंग की घटना के बाद घर के बाहर तैनात पुलिस।

जांच में जुटी छह पुलिस टीमें

एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि हमलावरों की तलाश में छह विशेष पुलिस टीमें बनाई गई हैं। एसपी ट्रैफिक मोहम्मद अकलम खान की टीम हमले के बाद से लगातार सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। आईसीसीसी के माध्यम से 72 घंटे तक की हर गतिविधि की जांच की जा रही है। फुटेज में हमलावरों के फरार होने वाले रूट पर भी निगाह रखी जा रही है।

हमलावरों के फरारी रूट का खुलासा

शुरुआती जांच में पुलिस को पता चला है कि हमलावर रामपुर की ओर से झुमका तिराहे से शहर में दाखिल हुए थे। हमला करने के बाद वे झुमका चौराहे का रास्ता न लेकर मिनी बाइपास से नैनीताल रोड और फिर बीसलपुर रोड की ओर निकल गए। पुलिस को नैनीताल टोल पर कोई फुटेज न मिलने से यह आशंका और मजबूत हो गई है कि वे बीसलपुर रोड से फरार हुए हैं।

घटना स्थल से बरामद खोखे एफएसएल जांच के लिए भेजे गए हैं। पुलिस को पूरा भरोसा है कि रिपोर्ट आने के बाद यह स्पष्ट हो जाएगा कि किस प्रकार की पिस्टल से फायरिंग की गई थी।

सुरक्षा कड़ी, गली में लगेगा गेट

दिशा पाटनी के घर के बाहर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। इसके अलावा पिता जगदीश पाटनी ने खुद भी सुरक्षा के इंतजाम शुरू कर दिए हैं। उन्होंने घर की गली में गेट लगाने और एक गार्ड की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू कर दी है। गार्ड आने-जाने वालों का रिकॉर्ड रखेगा।

परिवार में दहशत, दिशा भी घबरा गई थी

फायरिंग के बाद पाटनी परिवार पूरी तरह घर के अंदर कैद है। अभिनेत्री दिशा पाटनी ने भी घटना की जानकारी मिलने पर अपनी बहन खुशबू पाटनी को फोन कर परिवार का हालचाल जाना। घटना ने पूरे परिवार को हिलाकर रख दिया है।

SP_Singh AURGURU Editor