आगरा में एक्सप्रेसवे पर पीछे से टकराने के बाद फंसी कार को कई किमी तक घसीटता ले गया ट्रेलर, चार घायल
आगरा। रात के सन्नाटे में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर दौड़ती गाड़ियों के बीच एक भयानक मंजर साकार हो गया। लखनऊ से वृंदावन जा रही एक कार तेज रफ्तार ट्रेलर से टकराकर उसमें फंस गई और ट्रक उसे लगभग दो किलोमीटर तक घसीटता ले गया। कार में सवार युवक चीखते-चिल्लाते रहे, लेकिन ट्रक न रुका, न चालक को इसका आभास हुआ। जब टोल प्लाजा पर ट्रक रोका गया, तब सामने आया वह दिल दहला देने वाला दृश्य, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया।
-बांके बिहारी दर्शन को जा रहे थे लखनऊ के चार युवक, एक को गंभीर चोटें जबकि तीन अन्य को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी
ट्रेलर में घुसने के बाद क्षतिग्रस्त हुई कार।
लखनऊ के चार युवक, शिवा प्रजापति, विनय राजपूत, शिवम यादव और दया वृंदावन में श्री बांके बिहारी के दर्शन के लिए जा रहे थे। शनिवार की रात ये सभी युवक कार (UP 32 GT 7575) से आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर सफर कर रहे थे। जब इनकी कार आगरा जनपद की सीमा में माइलस्टोन 24 के पास पहुंची, तभी ओवरटेक के दौरान कार का संतुलन बिगड़ा और वह एक ट्रेलर (RJ 01 GC 9182) के पिछले हिस्से में जा घुसी और उसी में फंस गई।
कार इतनी स्पीड से टैंकर में घुसी थी कि कार का अगला हिस्सा ट्रक के बाएं पिछले हिस्से में बुरी तरह फंस गया। ट्रक चालक को इस बात की भनक तक नहीं लगी और वह कार को इसी हालत में 2 से 3 किलोमीटर तक घसीटता हुआ टोल प्लाजा 21 तक पहुंच गया।
पीछे से आ रहे वाहन चालकों ने दी जानकारी
ट्रेलर के पीछे चल रहे अन्य वाहन चालकों ने जब ट्रक में फंसी कार को देखा, तो हॉर्न और लाइट के माध्यम से ट्रेलर चालक का ध्यान दिलाने की कोशिश की। बावजूद इसके चालक नहीं रुका। अंततः जब ट्रक टोल प्लाजा 21 पर रोका गया, तब यह भयावह दृश्य सभी के सामने आया।
हादसे के दौरान कार में फंसे युवक भी लगातार चिल्लाते रहे, लेकिन ट्रेलर की गति और आवाज के चलते ड्राइवर को इसका बिल्कुल भी अंदाजा नहीं हुआ। टोल प्लाजा पर जब लोगों ने ट्रक रोका, तब जाकर कार के भीतर फंसे युवकों को देखा गया।
गंभीर रूप से घायल हुआ एक युवक, तीन अन्य को मामूली चोटें
कार चला रहे शिवा प्रजापति पुत्र दिनेश प्रजापति निवासी कुरौनी, बंथरा, लखनऊ हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल आगरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। कार में सवार अन्य तीन युवक विनय राजपूत पुत्र संतलाल, निवासी कुरौनी बंथरा, उम्र 25 वर्ष, शिवम यादव पुत्र कुलबीर सिंह, निवासी कासिमखेड़ा बंथरा, लखनऊ, उम्र 24 वर्ष, दया, निवासी नवाबगंज, उन्नाव को हल्की चोटें आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद सीएचसी फतेहाबाद से छुट्टी दे दी गई। माना जा रहा है कि एयरबैग खुलने से युवकों की जान बच गई।
यूपीडा और पुलिस ने राहत कार्य संभाला
सूचना मिलते ही यूपीडा और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। ट्रक को ट्रेलर में फंसी कार को जेसीबी आदि की मदद से अलग कराया। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की और सड़क पर यातायात सामान्य कराया। घटना के बाद पुलिस ने कार को थाना परिसर में खड़ा करवा दिया है, जबकि संबंधित ट्रेलर को फतेहाबाद बस स्टैंड पर खड़ा किया गया है।