लखनऊ के बाद अलीगढ़ में हथियार फैक्ट्री का भंडाफोड़, एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई में तीन गिरफ्तार

अलीगढ़। उत्तर प्रदेश में अवैध हथियारों के कारोबार पर सख्ती जारी है। यूपी एसटीएफ की बरेली यूनिट ने थाना क्वार्सी, जिला अलीगढ़ में दबिश देकर एक अवैध हथियार निर्माण फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। इस दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और बड़ी संख्या में असलहे, अधबने हथियार और उपकरण बरामद किए गए।

Jul 8, 2025 - 19:21
 0
लखनऊ के बाद अलीगढ़ में हथियार फैक्ट्री का भंडाफोड़, एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई में तीन गिरफ्तार
अलीगढ़ के क्वार्सी थाना क्षेत्र में पकड़ी गई अवैध फैक्ट्री से बरामद असलहे और अन्य सामग्री। चित्र में तीनों आरोपी भी हैं।

-एसटीएफ की बरेली यूनिट की दबिश, भारी मात्रा में असलहे और उपकरण बरामद

एसटीएफ का गुप्त सूचना पर एक्शन

एसटीएफ को गुप्त सूचना मिली थी कि थाना क्वार्सी क्षेत्र में कुछ लोग अवैध रूप से हथियार बनाने का धंधा कर रहे हैं। इस पर एसटीएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर फैक्ट्री में छापा मारा। छापे के दौरान हथियार निर्माण में उपयोग होने वाले औजार, अधबने तमंचे और अन्य सामग्री जब्त की गई।

ये हैं गिरफ्तार किए गए तीन आरोपी

कार्रवाई के दौरान तीन आरोपी अरशद पुत्र हसमत, बबलू पुत्र हाशिमऔर मनोज पुत्र किशन को गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ में कई अहम जानकारियां मिली हैं। पुलिस इनसे पूछताछ कर रही है कि ये हथियार कहां सप्लाई करते थे और किन अपराधियों से इनका संपर्क था।

लखनऊ के बाद अलीगढ़ में एसटीएफ को सफलता

हाल ही में लखनऊ में भी अवैध हथियारों की फैक्ट्री पकड़ी गई थी। अब अलीगढ़ की यह कार्रवाई दिखाती है कि एसटीएफ प्रदेश भर में अपराध के नेटवर्क पर शिकंजा कसने में जुटी है। एसटीएफ टीम ने थाना पुलिस को मामले की पूरी जानकारी सौंप दी है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। इनसे जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क की तलाश की जा रही है।

SP_Singh AURGURU Editor