ऑपरेशन सिंदूर के बाद आतंकियों, उनके आकाओं के साथ हमारे विपक्ष की भी नींद उड चुकी है-मोदी
नई दिल्ली। ऑपरेशन सिंदूर को लेकर लोकसभा में चल रही बहस आज रात पीएम मोदी के जवाब के साथ लोकसभा में पूरी हो गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि ऒपरेशन सिंदूर के बाद अब सिर्फ आतंकियों ही नहीं, पाकिस्तान में बैठे उनके आकाओं की भी नींद उड़ चुकी है। यहां हमारे देश में हमारे विपक्ष की भी नींद उड़ी हुई है। पाकिस्तान सहमा हुआ है, और हमारे यहां विपक्ष के कुछ नेता भी वही भाषा बोल रहे हैं जो पाकिस्तान के हुक्मरान बोल रहे हैं। पीएम मोदी ने बगैर नाम लिए अमेरिकी राष्ट्रपति के इस दावे को भी खारिज कर दिया कि उन्होंने भारत-पाक के बीच सीजफायर कराया।
-ऑपरेशन सिंदूर पर लोकसभा में चर्चा का जवाब देते पीएम मोदी ने कांग्रेस को निशाने पर रखा
पीएम मोदी ने कहा कि पहलगाम हमले का बदला भारत ने 6-7 मई की रात दुश्मन के उन ठिकानों तक पहुंचकर लिया जहां अब तक कभी नहीं गये थे। ऑपरेशन सिंदूर के ज़रिए आतंक की नाभि पर वार किया गया। प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारी सेनाओं ने 22 अप्रैल की क्रूरता का जवाब सिर्फ 22 मिनट में दे दिया गया।
पहलगाम में श्रद्धालुओं को मारने वालों को नहीं छोड़ा
पीएम ने बताया कि आतंकी हमले में श्रद्धालुओं को धर्म पूछकर मारा गया, जो मानवता के नाम पर कलंक था। सरकार ने इसे चुनौती की तरह लिया और देश की सेना ने पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों पर हमला कर उन्हें ध्वस्त कर दिया। इसके लिए हमने सेना को पूरी छूट दी थी। हमारी फौज ने पहलगाम में निर्दोषों को मारने वालों को भी ढेर कर दिया है।
पाकिस्तान के डीजीएमओ ने फोन कर कहा ‘बस करो’
प्रधानमंत्री ने इशारों में बताया कि जब भारतीय सेना का जवाब बहुत भारी पड़ा तो पाकिस्तान की सेना तत्काल घुटनों पर आ गई। पाकिस्तान के उच्चाधिकारियों ने संपर्क कर अपील की- ‘बस करिए’।
पाक को न्यूक्लियर धमकी उलटी पड़ी, सेना को खुली छूट मिली
पीएम मोदी ने कहा कि ऒपरेशन सिंदूर के बाद हमने पाकिस्तान की परमाणु ब्लैकमेलिंग को भी खत्म कर दिया। सेना को पूरी छूट दी गई। कब, कहां, कैसे, किस तरीके से ऑपरेशन करना है, ये निर्णय पूरी तरह से सेना को सौंपा गया। हमने सेना को जो लक्ष्य दिया, उसे हमारी बहादुर फौज ने सौ प्रतिशत हासिल किया।
कांग्रेस की सोच सेना विरोधी रही है
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकसभा में कहा कि कांग्रेस का सेना के प्रति नकारात्मक रवैया नया नहीं है। कारगिल विजय दिवस की बात हो या सेना की उपलब्धियों की, कांग्रेस कभी गर्व से खड़ी नहीं हुई। उन्होंने कहा, देश जानता है कि कांग्रेस न कारगिल की विजय को स्वीकारती है, न ही उसका उत्सव मनाती है।
ऑपरेशन महादेव पर भी उठाए सवाल
प्रधानमंत्री ने बताया कि ऑपरेशन महादेव के तहत पहलगाम के हमलावरों को खत्म कर दिया गया, लेकिन विपक्ष ने सवाल उठाया कि यह सोमवार को ही क्यों हुआ। मोदी ने पूछा, क्या सावन का सोमवार ढूंढा गया था?
कांग्रेस ने हथियारों के लिए आत्मनिर्भरता की उपेक्षा की
मोदी ने कहा कि कांग्रेस के शासन में देश छोटे हथियारों के लिए भी विदेशों पर निर्भर रहा। आत्मनिर्भरता की बात करने पर मजाक उड़ाया जाता था और हर रक्षा सौदे में अवसर तलाशे जाते थे।
आदमपुर एयरबेस पर झूठ को बेनकाब किया
पीएम ने बताया कि पाकिस्तान ने आदमपुर एयरबेस पर हमले का झूठ फैलाया, लेकिन वे अगले ही दिन वहां पहुंचे और सच्चाई सामने रख दी। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए बोले कि अब कांग्रेस का भरोसा पाकिस्तान के रिमोट से बनता-बिगड़ता है।
अमेरिका को भी साफ बता दिया था
मोदी ने बताया कि 9 मई की रात अमेरिका के उपराष्ट्रपति का कॉल आया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान कुछ बड़ा करने वाला है। मेरा जवाब था- अगर पाकिस्तान हमला करेगा तो उसे बहुत महंगा पड़ेगा, गोली का जवाब गोले से देंगे।
ऑपरेशन सिंदूर में 100% लक्ष्य पूरा किया
पीएम मोदी ने दो टूक कहा कि भारत ने अपने लक्ष्य शत-प्रतिशत पूरे किए। पाकिस्तान को चेतावनी दी थी कि आतंकियों के साथ खड़े होने की गलती न करे, लेकिन जब उसने हिम्मत की तो हमारी सेना ने उसे हर मोर्चे पर तोड़ दिया।
लक्ष्य था आतंक के केंद्र पर हमला
उन्होंने स्पष्ट किया कि ऑपरेशन सिंदूर का मकसद आतंक के मूल केंद्र पर हमला करना था। जैसे सर्जिकल स्ट्राइक और बालाकोट में किया था, वैसे ही इस बार हमने आतंक की नाभि पर प्रहार किया।
विपक्ष का छिछोरापन सुरक्षाबलों का मनोबल तोड़ता है
मोदी ने विपक्ष पर सीधा हमला बोला और कहा कि 56 इंच की छाती कहां गई, मोदी फेल हो गया जैसे बयान देकर वे आतंक की राजनीति कर रहे थे। विपक्ष की बयानबाजी सुरक्षाबलों का मनोबल गिरा रही थी, और वो इसका मजा ले रहे थे।
दुनिया भारत के साथ, 193 में से सिर्फ 3 देश पाकिस्तान के पक्ष में
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत के ऒपरेशन सिंदूर के कदम को वैश्विक स्तर पर समर्थन मिला। अमेरिका के उपराष्ट्रपति तक ने भारत को सतर्क किया था कि पाकिस्तान हमला कर सकता है, लेकिन भारत डरा नहीं। संयुक्त राष्ट्र के 193 देशों में से सिर्फ 3 ने पाकिस्तान का पक्ष लिया।
कांग्रेस पर तीखा हमलाः ‘सेना से सबूत मांगने वालों को देश भूलेगा नहीं’
पीएम मोदी ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। कहा कि “जब हमारी सेना सर्जिकल स्ट्राइक करती है, एयरस्ट्राइक करती है, तो कांग्रेस सबूत मांगती है।” उन्होंने 2019 में अभिनंदन की रिहाई पर कांग्रेस के संदेह को भी राष्ट्रीय अपमान बताया।
‘पाकिस्तान से मुद्दे इंपोर्ट करता विपक्ष’ – पीएम का व्यंग्य
प्रधानमंत्री ने कहा कि विपक्ष अब देश की नहीं, बल्कि पाकिस्तान की भाषा बोल रहा है। उन्होंने तंज करते हुए कहा कि कांग्रेस पाकिस्तान के प्रपंचों का प्रवक्ता बन चुकी है।
सिंदूर ऑपरेशन बना ‘मेक इन इंडिया’ की ताकत का प्रतीक
पीएम ने बताया कि इस ऑपरेशन में इस्तेमाल किए गए हथियार, ड्रोन और सॉफ्टवेयर भारत में बने थे। यही वजह है कि ऑपरेशन सिंदूर, आत्मनिर्भर भारत की सैन्य शक्ति का प्रतीक बन गया है।
डिफेंस बजट, एक्सपोर्ट और आंतरिक सुधारों का ब्योरा
प्रधानमंत्री ने बताया कि बीते 10 वर्षों में डिफेंस बजट तीन गुना हुआ, हथियारों का एक्सपोर्ट 30 गुना बढ़ा और सेना में समन्वय के लिए चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) की नियुक्ति की गई। उन्होंने कहा कि भारत अब शांति की बात बुद्ध के रास्ते से करेगा, लेकिन ताकत साथ लेकर।
नेहरू काल की भूलें भी रहीं पीएम के निशाने पर
मोदी ने कहा कि अक्साई चीन को बंजर कहकर छोड़ देना, सिंधु जल समझौता अपनी नदियों का 80 प्रतिशत पानी पाकिस्तान को देना, हाजीपीर पाकिस्तान को लौटा देना और पीओके पर कब्जा न करना, ये सब कांग्रेस की ऐतिहासिक भूलें रहीं जिनका खामियाज़ा देश आज तक भुगत रहा है।
‘सिंदूर स्पिरिट’ का नया युग, दुश्मन को खुली चेतावनी
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज देश में सिंदूर स्पिरिट पैदा हो चुकी है। ये राष्ट्रभक्ति, सेना के सम्मान और राष्ट्रीय सुरक्षा की भावना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अगर पाकिस्तान ने दोबारा कोई हरकत की, तो ऑपरेशन सिंदूर की धार और पैनी होगी।