आज रात बढ़ने के बाद कल दोपहर बाद घटने लगेगा यमुना का जलस्तर
आगरा। ख़तरे के निशान को पार कर गई यमुना का जलस्तर आज रात में और बढ़ेगा, लेकिन सोमवार को दोपहर बाद जल स्तर घटना शुरू हो जाएगा। इधर जिला प्रशासन बाढ़ के संभावित खतरे को लेकर सतर्क है। जनप्रतिनिधि भी जलमग्न क्षेत्रों में जाकर जनता से मुलाक़ात और उन्हें मदद के लिए आश्वस्त कर रहे हैं।
ज़िलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने बताया कि जिले में यमुना के तटवर्ती क्षेत्रों और गांवों में बाढ़ का पानी घुस गया है। प्रशासन लगातार जलमग्न इलाकों के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा रहा है। उन्होंने बताया कि कल दोपहर बाद यमुना का जलस्तर घटने लगेगा।
बाढ़ संभावित क्षेत्रों का कैबिनेट मंत्री उपाध्याय ने किया दौरा
उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय ने आज यमुना का जलस्तर बढ़ने से प्रभावित इलाकों का दौरा किया। इस दौरान उनके साथ जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी, अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार के साथ जिला प्रशासन एवं नगर निगम के अन्य अधिकारी मौजूद रहे। उन्होंने जीवनी मण्डी चौराहे से कृष्णा नगर तक भ्रमण कर यमुना के बढ़ते जलस्तर का अवलोकन किया। साथ ही अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये।
उपाध्याय ने कृष्णा कॉलेानी से दरेसी तक के क्षेत्र को चार जोन में विभाजित करते हुए दीपक खरे, अनुराग चतुर्वेदी, आदेश सिंघल एवं अनुज शर्मा को प्रभारी बनाया। इन प्रभारियों की टीम गठित कर क्षेत्र में निगरानी की जायेगी और किसी भी संभावित खतरे से जनता और प्रशासन को अवलम्ब अवगत कराकर बचाव के उपाय किये जायेंगे। विजय नगर कॉलोनी स्थित शादी घर, शेल्टर हाउस, अग्रसेन कॉलेज, किराना धर्मशाला को आपदा शिविर बनाये जाने का सुझाव रखा गया।
बाढ प्रभावित क्षेत्रों के भ्रमण के बाद कैबिनेट मंत्री उपाध्याय ने जीवनी मण्डी में जन चौपाल का आयोजन कर लोगों की समस्याएं सुनी और संबन्धित अधिकारियों को उनके शीघ्र निस्तारण के आदेश दिये।
कैबिनेट मंत्री के साथ भाजपा युवा नेता डॉ. अलौकिक उपाध्याय, वरिष्ठ भाजपा नेता दीपक खरे, किशन खण्डेलवाल, पूर्व मण्डल अध्यक्ष धीरज जैन, मण्डल अध्यक्ष आदेश सिंघल, सत्यप्रकाश गुप्ता, पार्षद अनुराग शर्मा, मुकेश डागौर, नितिन मुकेश, प्रकाश वशिष्ठ, संजय गुप्ता, संजय भारद्वाज आदि थे।
सांसद पुत्र ने बांटी राहत सामग्री
बरौली अहीर ब्लॉक के अंतर्गत बाढ़ प्रभावित ग्राम बरौली गुजर, तनोरा नूरपुर, मेहरा नाहरगंज, सरगनखेरा आदि गांवों में फतेहपुर सीकरी के सांसद पुत्र शूरवीर चाहर ने पहुंचकर ग्रामीणों को राहत सामग्री वितरित की। साथ ही बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया। उन्होंने प्रभावित परिवारों से मिलकर उनकी समस्याओं को सुना और समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए हर संभव सहायता दिलवाने का आश्वासन दिया।
इस दौरान उनके साथ उपजिलाधिकारी सदर सचिन राजपूत, सांसद प्रतिनिधि राकेश लोधी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।