नाराजगी के बाद पुलिस कमिश्नर को हाईकोर्ट में पेश होना पड़ा

  आगरा। आगरा पुलिस के एक झूठ पर हाईकोर्ट काफी नाराज था। उसके बाद हाईकोर्ट की नाराजगी तब और बढ़ गई जब आगरा के पुलिस कमिश्नर की जगह पर एडिशनल पुलिस कमिश्नर उच्च न्यायालय में पेश हुए। इसके बाद हाईकोर्ट ने तल्ख टिप्पणी करते हुए  नाराजगी जताई और पुलिस कमिश्नर को आज ही कोर्ट में बुलाने के लिए कहा।  हाईकोर्ट के सख्त रुख के बारे में जब पुलिस कमिश्नर को जानकारी मिली तो उन्होंने अपनी गाड़ी प्रयागराज की तरफ दौड़ा दी। 3:30 बजे पुलिस कमिश्नर हाईकोर्ट पहुंच गए।  सदर थाने के चंद लापरवाह पुलिसकर्मियों की वजह से पुलिस कमिश्नर और एडिशनल पुलिस कमिश्नर को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

Jan 10, 2025 - 22:31
 0
नाराजगी के बाद पुलिस कमिश्नर को हाईकोर्ट में पेश होना पड़ा

-सदर थाने से जुड़े मामले में सीपी की जगह एडिशनल सीपी पहुंचे थे हाईकोर्ट

-उच्च न्यायालय ने कहा था- आज ही सीपी नहीं आए तो कड़ी कार्रवाई होगी

मामला सदर थाने का है। यहां पर अंकुर शर्मा नाम के व्यक्ति ने आगरा के न्यायालय में मनोज नाम के व्यक्ति के खिलाफ NIA एक्ट (चेक संबंधी) केस दाखिल किया था। यहां से कई बार सदर पुलिस को प्रतिवादी के वारंट जारी हुए, लेकिन पुलिस ने यह तामील ही नहीं कराए। इस बात को लेकर वादी अंकुर शर्मा आगरा पुलिस के खिलाफ कार्रवाई के लिए हाईकोर्ट की शरण में जा पहुंचा।

अंकुर शर्मा की याचिका पर हाईकोर्ट ने आगरा पुलिस से जवाब मांगा। सदर थाना पुलिस ने अधिकारियों को लिखकर दे दिया कि उन्हें वारंट प्राप्त नहीं हुए हैं। अधिकारियों ने हाईकोर्ट में यही रिपोर्ट प्रेषित कर दी। इस बात पर हाईकोर्ट ने आगरा के संबंधित न्यायालय से आख्या मांगी। आगरा न्यायालय ने वारंट और गैर जमानती वारंट की प्रति हाईकोर्ट में भेज दी।

आगरा के कोर्ट से हाईकोर्ट में रिपोर्ट पहुंची तो आगरा पुलिस का झूठ पकड़ा जा चुका था। न्यायालय में गलत सूचना देने पर हाईकोर्ट ने नाराज होते हुए आगरा के पुलिस कमिश्नर को शुक्रवार को तलब किया था।

इधर पुलिस कमिश्नर जे रविंद्र गौड़ ने इस मामले में लापरवाही बरतने वाले सदर थाने के इंसपेक्टर समेत चार पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। इनमें इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार के अलावा पूर्व चौकी प्रभारी सीओडी सोनू कुमार और  दो कांस्टेबल शामिल हैं।

पुलिस कमिश्नर ने हाईकोर्ट में पेश होने के लिए अपनी जगह एडिशनल पुलिस कमिश्नर संजीव त्यागी को भेजा था। एडिशनल पुलिस कमिश्नर सुबह 10:00 बजे हाईकोर्ट में पेश हुए। इस पर हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति ने कहा कि आप पुलिस कमिश्नर तो नहीं हैं। आप कैसे आ गए। बुलाया तो पुलिस कमिश्नर को था। क्या पुलिस कमिश्नर अभी भी गंभीर नहीं हैं।  हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति ने कहा कि अगर पुलिस कमिश्नर आज ही नहीं आए तो कड़ी कार्रवाई होगी।

हाईकोर्ट का सख्त रुख देख एडिशनल पुलिस कमिश्नर ने पुलिस कमिश्नर जे रविंद्र गौड़ को फोन कर सारी बात बताई। इसके बाद पुलिस कमिश्नर तत्काल प्रयागराज के लिए निकल पड़े। अपराह्न करीब 3:30 बजे वह हाईकोर्ट के सामने पेश हुए। पुलिस कमिश्नर अब प्रयागराज से लौट रहे हैं और अभी रास्ते में हैं।

SP_Singh AURGURU Editor