मां बनने की उम्र वही, जब तन और मन सहीः जनसंख्या दिवस पर 11 से 18 जुलाई तक जागरुकता अभियान

आगरा। विश्व जनसंख्या दिवस (11 जुलाई) के अवसर पर आगरा में 11 से 18 जुलाई तक परिवार नियोजन जागरुकता सप्ताह मनाया जाएगा। इस दौरान जागरुकता रैलियों, संवाद कार्यक्रमों और सेवा प्रदायगी अभियानों के ज़रिए लोगों को परिवार नियोजन के महत्व और लाभ के प्रति प्रेरित किया जाएगा।

Jul 10, 2025 - 18:16
 0
मां बनने की उम्र वही, जब तन और मन सहीः जनसंख्या दिवस पर 11 से 18 जुलाई तक जागरुकता अभियान

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि इस वर्ष अभियान की थीम ‘मां बनने की उम्र वही, जब तन और मन सही’ रखी गई है, जो मातृत्व से जुड़ी सही उम्र और मानसिक-शारीरिक स्वास्थ्य को प्राथमिकता देती है। अभियान के तहत आवास विकास सेक्टर 12 तक रैली का आयोजन कर आमजन तक संदेश पहुंचाया जाएगा।

परिवार नियोजन के नोडल अधिकारी डॉ. सुरेंद्र मोहन प्रजापति ने बताया कि इस अभियान में पंचायती राज संस्थाएं, महिला एवं बाल विकास विभाग, शहरी स्थानीय निकाय, स्वयं सहायता समूह, और सास-बेटा-बहू सम्मेलन जैसे मंचों के ज़रिए सामुदायिक सहभागिता को बढ़ाया जाएगा।

सारथी वाहन जनपद और ब्लॉक स्तर पर भ्रमण कर परिवार नियोजन से संबंधित जानकारियां देंगे। साथ ही, ग्रामीण व नगरीय क्षेत्रों में आशा कार्यकर्ताओं की मदद से सास-बेटा-बहू सम्मेलन आयोजित होंगे।

इसके अलावा सेवा प्रदायगी अभियान भी संचालित होगा, जिसके अंतर्गत प्रत्येक ब्लॉक एवं जिला मुख्यालय पर परिवार नियोजन की सेवाएं जैसे- प्रसव पश्चात व अंतराल, इंजेक्टेबल गर्भनिरोधक (अंतरा),महिला एवं पुरुष नसबंदी आदि उपलब्ध कराई जाएंगी।

जनसंख्या स्थिरता और मातृ-शिशु स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के उद्देश्य से यह अभियान व्यापक स्तर पर जनजागरूकता लाने का प्रयास करेगा।

SP_Singh AURGURU Editor