आगराः चंबल नदीं में दस साल के मासूम ने बचाई पिता की जान, मगरमच्छ से भिड़ गया नन्हा बहादुर
आगरा। जिले के थाना बासौनी क्षेत्र के झरनापुरा गांव में में चंबल नदी किनारे पानी भरने गए किसान वीरभान पर अचानक मगरमच्छ ने हमला कर दिया। हरलालपुर के समीप नदी में छिपे मगरमच्छ ने वीरभान का पैर पकड़ लिया और उसे पानी में खींचने लगा। यह नजारा देखकर उसके साथ मौजूद 10 वर्षीय बेटा अजय घबरा नहीं, बल्कि बहादुरी से आगे आया और मगरमच्छ पर डंडे से प्रहार कर पिता की जान बचा ली।
डंडा लेकर मगरमच्छ पर टूट पड़ा मासूम
पिता को संकट में देखकर अजय ने झट से पास पड़ा डंडा उठाया और नदी में छलांग लगा दी। उसने मगरमच्छ पर बार-बार डंडे से प्रहार किया, जिससे मगरमच्छ ने वीरभान को छोड़ दिया और अजय की ओर बढ़ा। पहले से ही सजग अजय फुर्ती से मगरमच्छ से बचकर बाहर आ गया।
ग्रामीणों ने सराहा साहस
इधर मगरमच्छ के चंगुल से छूटने के बाद वीरभान भी नदी से बाहर निकल आया। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। वीरभान के पैर में मगरमच्छ के दांतों से गंभीर चोटें आई हैं। पहले उसे बाह के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, बाद में उसे आगरा रेफर कर दिया गया। पूरे गांव में अजय की सूझबूझ और साहस की चर्चा हो रही है।