आगराः आरओ/एआरओ परीक्षा में 24337 परीक्षार्थियों ने किया किनारा, केवल 11591 ही हुए शामिल

आगरा। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित समीक्षा अधिकारी (आरओ)/सहायक समीक्षा अधिकारी (एआरओ) प्रारंभिक परीक्षा में आगरा जिले में भारी अनुपस्थिति दर्ज की गई। कुल 35928 अभ्यर्थियों में से मात्र 11591 परीक्षार्थी ही परीक्षा में सम्मिलित हुए, जबकि 24337 ने परीक्षा में भाग ही नहीं लिया।

Jul 27, 2025 - 18:15
 0
आगराः आरओ/एआरओ परीक्षा में 24337 परीक्षार्थियों ने किया किनारा, केवल 11591 ही हुए शामिल
आरओ-एआरओ की रविवार को हुई प्रारंभिक परीक्षा के दौरान एक परीक्षा केंद्र का निरीक्षण करते जिलाधिकारी अरविंद मलप्पा बंगारी।  

परीक्षा केन्द्रों पर रहा शांतिपूर्ण और पारदर्शी माहौल

परीक्षा रविवार को सुबह 9:30 से दोपहर 12:30 बजे तक एक ही पाली में आयोजित की गई। आगरा के प्रमुख परीक्षा केंद्रों में आगरा कॉलेज मुख्य परिसर, लॉ फैकल्टी, सेंट जॉन्स कॉलेज आदि शामिल रहे।

जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया। उन्होंने सीसीटीवी कंट्रोल रूम और परीक्षा कक्षों का गहन अवलोकन किया।

बायोमेट्रिक हाजिरी और लाइव निगरानी से परीक्षा रही नकलविहीन

जिलाधिकारी ने बताया कि परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष, नकलविहीन और पारदर्शी तरीके से आयोजित की गई। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लाइव निगरानी की गई। इसके साथ ही, परीक्षार्थियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति भी अनिवार्य रूप से दर्ज की गई थी, जिससे डमी कैंडिडेट जैसी गतिविधियों पर प्रभावी रोक रही।

परीक्षार्थियों की भारी अनुपस्थिति पर सभी को हैरानी

आगरा में 68% परीक्षार्थियों द्वारा परीक्षा न देना हैरानी का विषय है। विशेषज्ञ मानते हैं कि परीक्षा से दूरी बनाने के पीछे प्रीपरेशन की कमी, पेपर कठिन होने की आशंका या अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की प्राथमिकता हो सकती है।

Bottom of Form

Bottom of Form

SP_Singh AURGURU Editor