आगरा के युवा नेफ्रोलॉजिस्ट डॉ. सुश्रुत गुप्ता का लीडर्स आगरा ने किया अभिनंदन, शहर को नियमित सेवाएं देने का आग्रह
आगरा। आगरा के प्रमुख बाल रोग विशेषज्ञ एवं पर्यावरण प्रेमी डॉ. शरद गुप्ता के पुत्र और मेदांता हॉस्पिटल, गुड़गांव में एमडी, डीएम (नेफ्रोलॉजी) युवा चिकित्सक डॉ. सुश्रुत गुप्ता से आगरा में किडनी रोगियों को नियमित नेफ्रोलॉजी सेवाएं उपलब्ध कराने का आग्रह किया गया। लीडर्स आगरा परिवार ने न्यू-आगरा हॉस्पिटल पहुंचकर डॉ. सुश्रुत गुप्ता का अभिनंदन किया और उनसे कम से कम महीने में एक बार आगरा आकर किडनी रोगियों को परामर्श देने का अनुरोध किया।
लीडर्स आगरा की संरक्षक स्वीटी चौहान, महामंत्री सुनील जैन, राहुल जैन और रोबिन जैन ने डॉ. सुश्रुत गुप्ता को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर उनके पिता डॉ. शरद गुप्ता का भी माल्यार्पण कर अभिनंदन किया गया।
महामंत्री सुनील जैन ने डॉ. सुश्रुत गुप्ता को लीडर्स आगरा और तपन ग्रुप द्वारा प्रकाशित पुस्तक ‘हमारे बुजुर्ग-हमारी धरोहर’ भेंट की। उन्होंने कहा कि आगरा में किडनी रोगियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए शहर में विशेषज्ञ नेफ्रोलॉजी सेवाओं की नियमित उपलब्धता जरूरी है। उन्होंने डॉ. सुश्रुत गुप्ता से आग्रह किया कि वे मेदांता हॉस्पिटल, गुड़गांव के चिकित्सक के रूप में कम से कम महीने में एक बार आगरा आकर किडनी रोगियों को परामर्श और उपचार संबंधी मार्गदर्शन दें, ताकि मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सके।
डॉ. सुश्रुत गुप्ता मेदांता हॉस्पिटल में नियमित रूप से किडनी प्रत्यारोपण के मरीजों का उपचार कर रहे हैं और प्रत्यारोपण की प्रक्रियाओं को सफलतापूर्वक अंजाम दे रहे हैं। लीडर्स आगरा परिवार ने उम्मीद जताई कि उनके अनुभव और विशेषज्ञता का लाभ आगरा और आसपास के किडनी रोगियों को मिल सकेगा।
इस पर डॉ. सुश्रुत गुप्ता ने कहा कि आगरा उनकी मातृभूमि है और वे आगरा के मरीजों को अपना हर संभव सहयोग देने के लिए तैयार हैं।
इस अवसर पर डॉ. शरद गुप्ता के अलावा लीडर्स आगरा परिवार की संरक्षक स्वीटी चौहान, महामंत्री सुनील जैन, राहुल जैन और रोबिन जैन मौजूद रहे।