आगरा बनेगा ‘ग्लोबल सिटी’, रूस के साथ सिस्टर सिटी समझौते से युवाओं को मिलेंगे नये अवसर
लखनऊ/आगरा। आगरा के लिए अंतरराष्ट्रीय साझेदारी का एक नया अध्याय शुरू हुआ है। रूस के स्पास्की शहर और आगरा नगर निगम के बीच सिस्टर सिटी समझौते पर हस्ताक्षर हुए हैं। इस ऐतिहासिक समझौते से दोनों शहरों के बीच तकनीकी शिक्षा, कृषि, पशुपालन और रोजगार सृजन के क्षेत्र में व्यापक सहयोग स्थापित होगा।
-मेयर हेमलता दिवाकर कुशवाह ने रूस और दक्षिण कोरिया की यात्रा से लौटने के बाद सीएम योगी को दी दौरे की जानकारी
महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह ने रूस के कजान और दक्षिण कोरिया की राजधानी सियोल की यात्रा से लौटने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि इन यात्राओं का उद्देश्य आगरा को “भविष्य का स्मार्ट सिटी” बनाना है, जहाँ तकनीकी, शैक्षणिक और औद्योगिक विकास एक साथ आगे बढ़े।
महापौर ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि उन्हें रूस के टाइम रशिया-इंडिया म्युचुअल एफीसिएंसी बिजनेस फोरम में आमंत्रित किया गया था, जहाँ उन्होंने शहरों के इतिहास और संस्कृति के संरक्षण के साथ-साथ नवाचार और स्किल्ड वर्कफोर्स के विकास पर विस्तृत चर्चा की।
कजान यूनिवर्सिटी के डीन ने आगरा के युवाओं को मेडिकल और इंजीनियरिंग की शिक्षा में प्रवेश देने का आश्वासन दिया है। वहीं, स्पास्की सिटी की महापौर ने 2026 में आगरा आने का आमंत्रण स्वीकार कर संबंधों को और सुदृढ़ करने की दिशा में सकारात्मक संकेत दिए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि आगरा नगर निगम द्वारा अंतरराष्ट्रीय सहयोग के माध्यम से विकास की नई दिशा तय की जा रही है। उन्होंने नगर निगम को इसी गति से विकास पथ पर निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
यह साझेदारी आगरा को न केवल पर्यटन, बल्कि टेक्नोलॉजी और एजुकेशन हब के रूप में भी स्थापित करने की दिशा में एक सशक्त कदम मानी जा रही है।