आगराः तिरंगा रैली से गूंजा भारत माता का जयघोष, जवानों को राखी बांधकर दिखाया सम्मान

आगरा। जनपद में शुक्रवार को काकोरी ट्रेन एक्शन शताब्दी समापन समारोह बड़े ही हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। सुबह से ही शहर का माहौल देश के वीरों की स्मृति और तिरंगे के सम्मान से सराबोर हो उठा। आयोजन की शुरुआत संजय प्लेस स्थित शहीद स्मारक पर अमर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर की गई।

Aug 8, 2025 - 13:29
 0
आगराः तिरंगा रैली से गूंजा भारत माता का जयघोष, जवानों को राखी बांधकर दिखाया सम्मान
काकोरी ट्रेन एक्शन शताब्दी समापन समारोह के मौके पर शुक्रवार सुबह आगरा में आयोजित किए गये कार्यक्रम की कुछ तस्वीरें।

इसके बाद राष्ट्रधुन की गूंज के बीच एक पेड़ मां के नाम-2.0 अभियान के तहत पौधारोपण कर धरती मां को समर्पण भाव व्यक्त किया गया। इसी क्रम में विकास भवन में काकोरी ट्रेन एक्शन से जुड़ी चित्र प्रदर्शनी और तिरंगा मेला का आयोजन भी किया गया, जिसे आगरा दक्षिण के विधायक डॉ. जीएस धर्मेश सहित बड़ी संख्या में नागरिकों ने देखा और सराहा।

लखनऊ से हो रहे काकोरी ट्रेन एक्शन शताब्दी समापन समारोह का सजीव प्रसारण भी किया गया, जिसे कार्यक्रम में मौजूद जनसमूह ने गम्भीरता से देखा और शहीदों के बलिदान को नमन किया।

प्रसारण के उपरांत विधायक डॉ. धर्मेश एवं जिलाधिकारी अरविंद मलप्पा बंगारी ने तिरंगा प्रभात फेरी एवं मोटरसाइकिल रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। भारत माता की जय, वंदे मातरम् और जय हिंद के नारों के साथ जब रैली रवाना हुई, तो वातावरण में गूंजता राष्ट्रभक्ति का संदेश हर हृदय को झंकृत कर गया।

इस अवसर पर रक्षा सूत्र बांधकर सेना और पुलिस के जवानों को धन्यवाद दिया गया। आयोजकों ने बहनों से राखी बंधवाकर मातृभूमि के रक्षकों को कृतज्ञता प्रकट की। यह दृश्य न केवल भावनात्मक था, बल्कि नई पीढ़ी को सुरक्षा बलों के प्रति श्रद्धा और सम्मान सिखाने वाला भी रहा।

SP_Singh AURGURU Editor