आगरा में लड़की पर अवैध संबंधों का दबाव बना रहा था दबंग, शिकायत पर हिरासत में लेकर जांच शुरू
आगरा। थाना खंदौली क्षेत्र के एक गांव में युवक की दबंगई और उत्पीड़न के चलते एक युवती की पढ़ाई बीच में ही रुक गई है। पीड़िता का आरोप है कि गांव का दीपू नामक युवक पिछले आठ साल से लगातार उसे ब्लैकमेल कर अवैध संबंध बनाने के लिए न केवल दबाव डाल रहा था बल्कि धमकियां भी देता आ रहा है। परेशान होकर युवती ने पढ़ाई छोड़ दी और आखिरकार पुलिस से न्याय की गुहार लगाई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है। आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि दीपू नामक युवक उसे लंबे समय से परेशान कर रहा है। जब भी वह घर से बाजार या बाहर जाती है, वह रास्ते में उसे बेइज्जत करता है और गंदी बातें करता है। युवती ने आरोप लगाया कि युवक ने उससे शारीरिक संबंध बनाने की भी कोशिश की और बार-बार दबाव डाला।
पीड़िता ने बताया कि युवक ने धमकी दी कि यदि वह उसकी बात नहीं मानेगी तो उसे जान से मरवा देगा। इसके लिए वह गुंडे भेजकर डराने-धमकाने का काम भी करता रहा। इतना ही नहीं, वह बार-बार नये नंबरों से कॉल और मैसेज भेजकर उसे बदनाम करने की धमकी देता है।
युवती की तहरीर पर महिला थाना पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।