आगराः बल्केश्वर पार्क की भागवत कथा में कृष्ण जन्मोत्सव का उल्लास, गूंजे जयकारे

आगरा। बल्केश्वर पार्क सोमवार की शाम भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के उल्लास से सराबोर हो उठा। विश्व कल्याण मिशन ट्रस्ट आगरा इकाई की ओर से आयोजित श्रीमद् भागवत कथा के चौथे दिन राष्ट्रीय संत पूज्य चिन्मयानंद बापू ने जब श्रीकृष्ण प्राकट्य का प्रसंग सुनाया तो रंग-बिरंगे गुब्बारों से सजे पंडाल में हजारों भक्त जयकारों के साथ झूम उठे।

Aug 25, 2025 - 20:37
 0
आगराः बल्केश्वर पार्क की भागवत कथा में कृष्ण जन्मोत्सव का उल्लास, गूंजे जयकारे
बल्केश्वर स्थित बल्देव गौशाला में गौ पूजन व सेवा करते राष्ट्रीय संत पूज्य चिन्मयानंद बापू। साथ हैं विश्व कल्याण मिशन ट्रस्ट की ट्रस्टी श्रीमती सुमन गोयल, मुख्य यजमान सुगंधी परिवार एवं अन्य।

कथा के बीच ‘नंद घर आनंद भयो जय कन्हैया लाल की’  की गूंज ने वातावरण को भक्तिमय कर दिया। पूर्विका बंसल के हाथों में सुशोभित लड्डू गोपाल, सुगंधी परिवार द्वारा लुटाए गए उपहार-खिलौने और भक्तों की नृत्यमयी झूम से ऐसा दिव्य समां बंधा कि हर कोई अपलक निहारता रह गया।

चिन्मयानंद बापू का संदेश: कृष्ण चरण पकड़ने से खुलते हैं किस्मत के ताले

कथा व्यास संत चिन्मयानंद बापू ने प्रवचन में कहा कि कन्हैया जब कंस के कारागृह में आए तो सारे ताले अपने आप खुल गए। ठीक उसी तरह जो श्रीकृष्ण चरण पकड़ लेता है, उसकी बंद किस्मत के सारे ताले खुल जाते हैं। उन्होंने बताया कि भगवान का नाम जप ही कलिकाल में सबसे सरल उपाय है। जहाँ हरिनाम संकीर्तन होता है वहाँ से भूत-पिशाच भाग जाते हैं और जीवन के सभी विकार मिट जाते हैं।

उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि माताओं का सिर ढंका होना चाहिए। सिंदूर को ढंककर रखने से वह अपने पति का सम्मान और ब्रज गोपी का स्वरूप धारण करती हैं।

गौ सेवा और तुलसी पूजन का महत्व

सामाजिक सरोकारों को कथा से जोड़ते हुए बापू ने बल्देव गौशाला पहुंचकर गौ पूजन और सेवा की। कथा स्थल पर भक्तों को तुलसी पौधे वितरित कर उन्होंने घर-घर तुलसी पूजन का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि हर सनातनी भाई-बहन के जीवन में गौ सेवा और तुलसी पूजन को अपनाना आवश्यक है।

विशेष आकर्षण: गोवर्धन लीला व छप्पन भोग झांकी आज

विश्व कल्याण मिशन ट्रस्ट के संरक्षक डॉ. विजय किशोर बंसल और ट्रस्टी समाजसेवी मुरारीलाल गोयल पेंट वाले ने बताया कि कथा के पांचवें दिन मंगलवार को दोपहर 3 बजे से गोवर्धन लीला का वर्णन और भगवान को अर्पित 56 भोग की दिव्य झांकी के दर्शन होंगे।

आरती में ये शामिल रहे

कथा के विश्राम पर केंद्रीय राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल, सुगंधी परिवार की विनीता सुगंधी, गोविंद सुगंधी, अमित सुगंधी, हिमांशु सुगंधी, आशीष सुगंधी, तीरथ कुशवाह, कमलेश कुशवाह, नेहा गोयल, अदिति गोयल, शशि गुप्ता, अंकित अग्रवाल, नरेंद्र गुप्ता, संतोष गुप्ता, आलोक खंडेलवाल, सतीश गुप्ता, रोहित करीला, राजवीर शुक्ला एडवोकेट और अनंत कुमार जैन ने आरती उतारी।

SP_Singh AURGURU Editor