आगरा। विवाद से विश्वास योजना में विलंब से परेशान करदाताओं की मदद को आगे आया चैम्बर

आगरा। नेशनल चैम्बर ऑफ इंडस्ट्रीज़ एंड कॉमर्स द्वारा आयकर से जुड़ी महत्वपूर्ण समस्याओं को लेकर प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त आगरा अनुपम कांत गर्ग को एक विस्तृत प्रतिवेदन सौंपा गया। इस प्रतिवेदन में विशेष रूप से विवाद से विश्वास योजना के अंतर्गत फॉर्म 4 जारी न किए जाने की समस्या को प्रमुखता से उठाया गया।

Aug 7, 2025 - 17:45
 0
आगरा। विवाद से विश्वास योजना में विलंब से परेशान करदाताओं की मदद को आगे आया चैम्बर

— आयकर प्रमुख अनुपम कांत गर्ग को सौंपा गया विस्तृत प्रतिवेदन, समय पर प्रक्रिया पूरी करने वालों को फॉर्म 4 जारी करने के निर्देश

यह प्रतिवेदन चैम्बर अध्यक्ष संजय गोयल, पूर्व अध्यक्ष एवं आयकर प्रकोष्ठ के चेयरमैन एवं वरिष्ठ अधिवक्ता अनिल वर्मा, अधिवक्ता राजकिशोर खंडेलवाल एवं सीए प्रार्थना जलान द्वारा संयुक्त रूप से सौंपा गया।

समय पर की गई प्रक्रिया के बावजूद फॉर्म 4 लंबित

प्रतिवेदन में बताया गया कि कई करदाताओं ने विवाद से विश्वास योजना के तहत समय पर सभी औपचारिकताएं पूर्ण कर दीं, फिर भी उन्हें संबंधित फॉर्म 4 सर्टिफिकेट जारी नहीं किए गए हैं। इससे न केवल करदाताओं को मानसिक तनाव हो रहा है बल्कि उनके लंबित मामलों के समाधान में भी अनावश्यक देरी हो रही है।

विलंब से प्रक्रिया पूरी करने वालों पर भी मांगा स्पष्टीकरण

चैम्बर द्वारा यह भी अनुरोध किया गया कि जिन करदाताओं ने किन्हीं कारणों से प्रक्रिया देर से पूरी की है, उन मामलों में केन्द्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड से स्पष्ट दिशा-निर्देश मांगे जाएं, जिससे ऐसे करदाताओं को भी राहत मिल सके और अधिकारियों को कोई भ्रम न रहे।

प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त श्री अनुपम कांत गर्ग ने इस गंभीर विषय को गम्भीरता से लेते हुए यह आश्वासन दिया कि जल्द समाधान निकाला जाएगा। 

करदाताओं को राहत की उम्मीद

नेशनल चैम्बर के इस सक्रिय प्रयास से उन सैकड़ों करदाताओं को राहत की उम्मीद जगी है, जो नियमों के तहत काम करने के बावजूद अनावश्यक विलंब और असमंजस से जूझ रहे थे। इस पहल से आयकर विभाग और व्यापारिक संगठनों के बीच सकारात्मक संवाद और सहयोग की भावना भी प्रबल होगी।

SP_Singh AURGURU Editor